कटनी स्टेशन में स्टापर से टकराया पैसेंजर ट्रेन का रैक
कटनी। कटनी जंक्शन के प्लेटफार्म क्रमांक एक पर आज सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। शंटिंग के दौरान कटनी-चोपन पैसेंजर का रैक स्टापर से टकरा गया।
शंटिंग के दौरान प्लेटफार्म क्रमांक एक पर दुर्घटना,कटनी जंक्शन में बड़ा हादसा टला
हादसे में किसी भी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है बल्कि स्टापर सहित प्लेटफार्म का कुछ हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के संबंध में रेलसूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक कटनी से चोपन रवाना होने के पूर्व गाड़ी संख्या 51676 कटनी-चोपन पैसेंजर की शंटिंग हो रही थी तथा पैसेंजर ट्रेन के रैक को इस प्लेटफार्म से उस प्लेटफार्म रिप्लेस किया जा रहा था।
इसी दौरान प्लेटफार्म क्रमांक एक पर पैसेंजर का ट्रेन का रैक प्लेटफार्म के अंतिम छोर पर लगे लोहे के स्टापर से टकरा गया। खाली रैक होने के कारण दुर्घटना में किसी यात्री के हताहत होने की खबर तो नहीं है लेकिन दुर्घटना में स्टापर सहित प्लेटफार्म क्रमांक एक का कुछ हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। रेलवे के द्धारा दुर्घटना की जांच कराई जा रही है।
जांच के बाद दोषी रेलकर्मियों पर कार्रवाई संभंव है।बड़ी घटना नहीं-स्टेशन प्रबंधक
दुर्घटना की पुष्टि करते हुए स्टेशन प्रबंधक संजय दुबे ने बताया कि यह एक छोटी घटना है। जिसमें कोई हताहत नहीं हुआ। स्टापर व प्लेटफार्म का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। जिसमें सुधार कार्य कराया जा रहा है। साथ ही दुर्घटना की जांच भी कराई जा रही है।