Site icon Yashbharat.com

कटनी में अवैध उत्खनन पर पुलिस की रेड, जेसीबी, डंपर, टीयूव्ही वाहन जप्त

yashbharatnew

कटनी। माधवनगर पुलिस ने देररात एसीसी खदान के पास अवैध उत्खनन पर कार्रवाई की है तथा अवैध उत्खनन व परिवहन के कार्य में लगे जेसीबी, डंपर सहित टीयूव्ही वाहन को जप्त किया है।

अवैध खनन के इस मामले में चार लोगों के विरूद्ध मामला भी दर्ज किया गया है। माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे के मुताबिक देररात एसीसी खदान के पास अवैध उत्खनन की सूचना मुखबिरों के माध्यम से पुलिस को मिली। जिसके बाद सूचना की तस्दीक करने पुलिस मौके पर पहुंची तो उसे अवैध उत्खनन व परिवहन के कार्य में लगे एक जेसीबी, डंपर व एक टीयूव्ही वाहन मिल गए।

जिन्हे पुलिस ने जप्त करते हुए थाने में खड़ा कराया है। वहीं इस मामले में पुलिस ने शिवकुमार यादव, सुनील तिवारी, वीरेन्द्र पयासी सहित चार लोगों के विरूद्ध धारा 379, 34 व मध्य प्रदेश गौण खनिज अधिनियम की धारा 53 के तहत मामला दर्ज किया है।

बड़वारा में रेत लोड ट्रेक्टर-ट्राली जप्त

उधर बड़वारा पुलिस ने कुम्हरवारा रोड पर रेत लोड एक ट्रेक्टर-ट्राली को जप्त किया है। बड़वारा थाना प्रभारी रोहित डोंगरे के मुताबिक ट्रेक्टर-ट्राली क्रमांक एम.पी.21एए-8372 में बिना दस्तावेज के रेत का परिवहन किया जा रहा था। इस मामले में रेत लोड ट्रेक्टर-ट्राली को जप्त कर थाने में खड़ा कराया गया है। साथ ही ट्रेक्टर चालक बरही थाना अंतर्गत ग्राम छिंदहाई पिपरिया निवासी दीपक पिता बेड़ीलाल कोल के विरूद्ध धारा 379 व 4/21 खनिज एवं खान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

Exit mobile version