Site icon Yashbharat.com

कटनी का संजय नगर कन्टेनमेट जोन बना, तलाशी जा रही कांटेक्ट हिस्ट्री

noada corona

कटनी। पूरे जिले में देर शाम तक सुकून था कि कटनी प्रदेश के उन 2 जिलों में शामिल है जो अब भी ग्रीन जोन हैं, लेकिन रात होते होते कटनी जिले से यह सुकून काफूर हो गया।

कटनी से गईं एक ही परिवार के 4 लोगों की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट में एक बच्ची पॉजिटिव आई। खबर के बाद से ही संजय नगर को कन्टेनमेट जोन बना दिया गया। माधवनगर पुलिस पूरे क्षेत्र में घूम रही है।

लोगों से घरों में रहने की अपील की जा रही है। थाना प्रभारी संजय दुबे के अनुसार जारी प्रोटोकॉल के मुताबिक कन्टेनमेट जोन में वो सुविधा घर पर ही दी जाएंगी जो आवश्यक होंगी।

हालांकि संजय नगर के वाशिंदे पूरा सहयोग कर रहे हैं। अब इस बच्ची की कांटेक्ट हिस्ट्री की खोज में पूरा प्रशासन जुटा है, चिंता इसलिए भी लाजिमी है क्योंकि कम उम्र की बालिका कवारेटाइन को ठीक से समझती भी नहीं होगी अतः सम्भव है कि अनजाने में ही वह किसी से संपर्क में आई हो तो वह खतरा हो सकता है।

हालांकि परिवार इसे लेकर आश्वस्त है क्योंकि 18 मई को उमरिया के इंदवार से यह परिवार कोरोना के सम्पर्क में आने के बावजूद बचा था केवल यह बच्ची ही पॉजिटिव हो गई।

इसके साथ ही परिवार का दावा है कि वह लोग घर के बुजुर्ग की 19 मई को मृत्यु के बाद से ही क्वारन्टीन थे। अगर यह सच है तब तो राहत की बात है वरना कांटेक्ट हिस्ट्री काफी बड़ी हो सकती है। वैसे यशभारत ने पहले ही बताया था कि जिले में छूट का ओव्हर डोज कहीं घातक न बन जाये सो वैसा ही होता दिख रहा है।

आपको बता दें कि 18 मई को उमरिया जिले के अंतर्गत इंदवार में मुंबई से 82 वर्षीय व्रद्ध महिला आई थीं जिनकी 19 मई को मृत्यु हो गई।

24 मई को जब व्रद्ध महिला की रिपोर्ट आई तो वह कोरोना पॉजिटिव निकली उनका एक पुत्र कटनी निवासी होने के कारण उमरिया कलेक्टर ने 25 मई को कटनी कलेक्टर को पत्र लिख कर आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा।

26 मई को जब कटनी निवासी इस परिवार का पता लगाकर उनकी रिपोर्ट आईसीएमआर जबलपुर भेजी गई तो 27 मई को जिसका डर था वही हुआ और एक मासूम कोरोना पॉजिटिव आईं जिसके बाद पूरे जिले में हड़कम्प है।

 

फिलहाल बच्ची को कोई तकलीफ नहीं है उसे जिला चिकित्सालय लाया गया है। संजय नगर पूरी तरह से लाकडाउन कर दिया गया है। आगे हिस्ट्री के अनुसार कई और लोगों के टेस्ट किये जायेंगे।

Exit mobile version