व्यापार

एक्सिस बैंक को 2,189 करोड़ रुपये नुकसान

मुंबई। निजी क्षेत्र के कर्जदाता एक्सिस बैंक को पहली बार किसी तिमाही में नुकसान का सामना करना पड़ा है। बैंक ने गुरुवार को कहा कि इस वर्ष मार्च में खत्म हुई तिमाही में उसका शुद्ध नुकसान 2,189 करोड़ रुपये रहा।

उससे पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में बैंक का शुद्ध मुनाफा 1,225 करोड़ रुपये रहा था। बैंक का कहना था कि तिमाही में हुए नुकसान के अलावा उस पर 16,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का फंसे कर्ज (एनपीए) का बोझ है।

बैंक के मुताबिक चौथी तिमाही के इस बड़े नुकसान के चलते उसका पूरे वित्त वर्ष (2017-18) का शुद्ध मुनाफा भी घटकर महज 275 करोड़ रुपये रह गया। बैंक की एमडी व सीईओ शिखा शर्मा ने कहा, “हमने इन्फ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र पर कुछ बड़े दांव खेले। लेकिन वे हम पर भारी पड़े।”

उन्होंने यह भी कहा कि क्रेडिट रिस्क के मोर्चे पर बैंक के प्रदर्शन से वे निराश हैं। गौरतलब है कि बैंक पर बढ़ते फंसे कर्ज के बोझ के चलते ही शर्मा को अपना कार्यकाल छोटा करने पर मजबूर होना पड़ा, क्योंकि एक्सिस बैंक के प्रदर्शन पर भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआइ) ने नाराजगी जताई थी।

हालांकि एनपीए के बढ़ते बोझ के बावजूद बैंक अपने मौजूदा निवेशक बेन कैपिटल तथा भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआइसी) से चालू वित्त वर्ष के दौरान 10,000 करोड़ रुपये जुटाने में कामयाब रहा।

बायोकॉन का तिमाही मुनाफा बढ़ा, साल का घटा

बायोटेक्नोलॉजी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी बायोकॉन ने इस वर्ष मार्च में खत्म तिमाही के दौरान शुद्ध मुनाफे में दो फीसद बढ़ोतरी दर्ज की है। कंपनी के मुताबिक समीक्षाधीन अवधि में उसका शुद्ध मुनाफा 130 करोड़ रुपये रहा।

हालांकि पूरे वित्त वर्ष (2017-18) के दौरान कंपनी का शुद्ध मुनाफा 39 फीसद घटकर 372 करोड़ रुपये रह गया।

कंपनी की चेयरपर्सन व एमडी किरण मजुमदार-शॉ ने कहा कि पिछले वित्त वर्ष में कंपनी को जनरिक्स कारोबार में प्राइसिंग से जुड़ी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Back to top button