Site icon Yashbharat.com

आयोग की बिनाअनुमति मतदाताओं के नाम हटाने वाले तीन SDM को शोकाज नोटिस जारी

election commission1 03 06 2018

भोपाल। भारत निर्वाचन आयोग की अनुमति के बिना मतदाता सूची से नाम हटाने की कार्रवाई करना तीन एसडीएम को भारी पड़ गया। सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद जैसे ही ईआरओ नेट पोर्टल में फार्म अपडेशन शुरू हुआ तो इन रिटर्निंग अधिकारियों ने फार्म-7 अपलोड कर नाम काटने की कार्रवाई शुरू कर दी। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग से अनुमति नहीं ली गई। ऐसे में तीनों क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर एसडीएम संजय श्रीवास्तव, मनोज उपाध्याय और राजीवनंदन श्रीवास्तव को संभागायुक्त कवींद्र कियावत ने शोकाज नोटिस जारी कर दिया है। इस नोटिस का जवाब इन अधिकारियों को सात दिन के अंदर देना है। जवाब देने के बाद इन अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।

कहां कितने नाम काटे

मतदाताओं के सबसे ज्यादा नाम दक्षिण पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में काटे गए। यहां 98 नाम काटने की कार्रवाई की गई। वहीं बैरसिया में दो और गोविंदपुरा विधानसभा में एक नाम हटाया गया।

बता दें कि पहले भारत निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया था कि अंतिम प्रकाशन के बाद जैसे ही पोर्टल खुलता है वैसे ही अपडेशन किया जा सकता है। बाद में स्पष्टीकरण जारी किया गया कि नाम हटाने से पहले आयोग की अनुमति जरूरी है, जबकि संशोधन के लिए नाम में संशोधन कर आयोग को सिर्फ सूचित किया जाना है।

Exit mobile version