नई दिल्ली। आज से सिर्फ महीना और तारीख नहीं बदला है बल्कि एक और बड़ा बदलाव हुआ है। दरअसल रेलवे द्वारा ट्रेनों के समय में किया गया बदलाव आज से लागू हो जाएगा। इसके चलते जहां 500 ट्रेनों का वक्त बदलेगा।
इसके अलावा रेलवे 6 नई ट्रेनों की शुरुआत करेगी। ये ट्रेनें तेजस, हमसफर और अंत्योदय एक्सप्रेस के रूप में दौड़ेंगी, जबकि बाकी ट्रेनों की रफ्तार और फ्रिक्वेंसी में इजाफा किया गया है, जिससे समय की बचत की जा सके।
भारतीय रेल के नए शेड्यूल के मुताबिक, तेजस ट्रेन हफ्ते में छह दिन नई दिल्ली से चंडीगढ़ के बीच चलेगी। हफ्ते में एक हमसफर एक्सप्रेस भी होगी, जो सियालदाह से जम्मू तवी का सफर तय करेगी। वहीं हमसफर एक्सप्रेस तीन हफ्तों में एक बार इलाहाबाद से आनंद विहार जाएगी, जबकि एक साप्ताहिक अंत्योदय एक्सप्रेस बिलासपुर-फिरोजपुर और दरभंगा-जालंधर के बीच दौड़ेगी।
भारतीय रेल ने कुछ ट्रेनों को सुपरफास्ट में अपग्रेड करने के अलावा 17 अन्य ट्रेनों की रफ्तार को बढ़ाया है। नई समय सारिणी में रेलवे के हर जोन की ट्रेनों की रफ्तार में इजाफा किया गया है। उत्तर रेलवे जोन की 36 ट्रेनों के प्रस्थान समय में फेरबदल किया गया है। रेलवे इसके साथ ही 65 रेलगाड़ियों की रफ्तार बढ़ाएगा। दक्षिण रेलेवे के तहत चलने वाली 51 एक्सप्रेस ट्रेनों और 36 पैसेंजर ट्रेनों की गति बढ़ाई गई है।
नई समय सारिणी की जानकारी देने के लिए रेल मंत्रालय ने एक ट्वीट भी किया है जिसमें यात्रियों को जरूरी जानकारी उपलब्ध करवाई गई है।













Leave a Reply