धर्म डेस्क। आज देशभर में बुद्ध पूर्णिमा मनाई जा रही है। गौतम बुद्ध की जयंती के दिन को हम बुद्ध पूर्णिमा के रूप में मनाते हैं। ये न सिर्फ बौद्ध धर्म पर आस्था रखने वालों का प्रमुख त्योहार है बल्कि हिंदू धर्म भी इसे पूरी श्रद्धा और आस्था से मनाता है। बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर पीएम नरेंद्र मोदी ने देशवासियों की बधाई दी हैं। उन्होंने ट्वीट कर रहा, ’21वीं शताब्दी में भगवान बुद्ध की शिक्षा अत्यंत प्रासंगिक है। उनका जीवन पीड़ा को कम करने और समाज से अन्याय को दूर करने के लिए समर्पित था। उनकी करुणा भावना ने उन्हें लाखों लोगों तक पहुंचाया।’ पीएम मोदी ने कहा कि भगवान बुद्ध का संदेश विश्वभर में दूर तक फैला हुआ है। साथ ही उन्होंने भगवान बुद्ध को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कुछ तस्वीरें भी साझा कि जो उनकी विदेश यात्राओं के दौरान की हैं।
वहीं, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी इस अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘बुद्ध पूर्णिमा पर सभी देशवासियों और विश्वभर के बौद्ध समुदाय को बधाई। भगवान बुद्ध का अहिंसा, प्रेम और करुणा का संदेश हम सभी के कल्याण के लिए कार्य करने की शक्ति प्रदान करता है। उनकी शिक्षाएं हमें विश्व-बंधुत्व की राह पर चलने के लिए प्रेरित करें।
बुद्ध जयंती समारोह का उद्धाटन भी करेंगे PM
आज इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुद्ध जयंती समारोह का उद्धाटन भी करेंगे। उद्घाटन समारोह में पीएम समेत कई अन्य राजनीतिक और गणमान्य हस्ती पवित्र अवशेषों के दर्शन करेंगे। दिल्ली संग्रहालय इस दिन बुद्ध की अस्थियों को बाहर निकालता है जिससे कि बौद्ध धर्मावलंबी वहां आकर प्रार्थना कर सकें। इसका आयोजन संकृति मंत्रालय और इंटरनेशनल बुद्धिस्ट कन्फेडरेशन मिल कर रहा है।
हिंदू धर्म में बुद्ध पूर्णिमा का विशेष महत्व
हिंदू धार्मिक ग्रंथों में भगवान बुद्ध को भगवार विष्णु का 9वां अवतार बताया गया है। इसलिए हिंदू धर्म के लोगों के लिए भी बुद्ध पूर्णिमा का विशेष महत्व है। बुद्ध पूर्णिमा या वैशाख पूर्णिमा के दिन तमाम हिंदू वर्त रखते हैं और भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना करते हैं। इस दिन गंगा स्नान करने की भी परंपरा है। कहते हैं कि वैशाख पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान करने से व्यक्ति को पाप कर्मों से छुटकारा मिलता है। शुभ मुहूर्त में पूजन करने से बिगड़े काम भी बन जाते हैं।