आगामी पर्व ईद मिलादुन्नबी, रक्षाबंधन पर्व को लेकर कटनी पुलिस अलर्ट,थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल ने किया फ्लैग मार्च

IMG 20260824 WA0089

आगामी पर्व ईद मिलादुन्नबी, रक्षाबंधन पर्व को लेकर कटनी पुलिस अलर्ट,थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल ने किया फ्लैग मार्च*

कटनी। आगामी ईद मिलादुन्नबी पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने तथा जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा द्वारा जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों , थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के पालन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकों का आयोजन किया गया। बैठकों में जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं, गणमान्य नागरिकों एवं शांति समिति के सदस्यों से चर्चा कर आगामी पर्व को आपसी भाईचारे, प्रेम एवं सौहार्द के साथ मनाने की अपील की गई।

 

बैठकों में विभिन्न वर्गों एवं समाजों के बीच साम्प्रदायिक सौहार्द एवं आपसी सद्भाव बनाए रखने, अफवाहों से बचने तथा किसी भी प्रकार की विवादित गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के संबंध में समझाइश दी गई।

 

सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर

 

शांति समिति की बैठकों में उपस्थित सदस्यों एवं आमजन को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप आदि पर साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा विवादित पोस्ट/संदेश प्रसारित एवं साझा नहीं करने की हिदायत दी गई।

 

पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया कि सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने, भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने अथवा उसे शेयर कर साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च – त्यौहार के दौरान कानून व्यवस्था एवं आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखने के उद्देश्य से जिले के कोतवाली थाना क्षेत्रों के संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य के नेतृत्व में फ्लैग मार्च किया गया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों द्वारा क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा आमजन को शांतिपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने का संदेश दिया गया। फ्लैग मार्च में डीएसपी मुख्यालय श्री रत्नेश मिश्रा, डीएसपी अजाक सुश्री शिवा पाठक, थाना प्रभारी कोतवाली राखी पाण्डेय, थाना प्रभारी माधवनगर शैलेन्द्र यादव, थाना प्रभारी यातायात अनुप सिंह, महिला थाना प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल उपस्थित रहा।