आंगबाड़ी की जांच के दिए निर्देश, स्कूल की उपस्थिति पंजी की जब्त

सीहोर। जिले की अनेक ग्राम पंचायतों में चल रहे निर्माण व विकास कार्यों का जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हर्ष सिंह द्वारा निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निर्माण समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूल एवं आंगनबाड़ियों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थिति पंजी जब्त करने के साथ ही आंगबाड़ी की जांच के निर्देश दिए।
जिपं सीईओ श्री सिंह ने जनपद पंचायत सीहोर के ग्राम कुलांसकला, ढाबला, कुलांसखुर्द तथा बरखेड़ी में मनरेगा के तहत चल रहे कार्यो तथा आईडब्ल्यूएमपी के तहत नाला गहरीकरण, चेक डेम, गोशाला निर्माण और सड़क की गुणवत्ता देखी।
भ्रमण के दौरान श्री सिंह ने ग्राम ढाबला के माध्यमिक स्कूल तथा आंगनबाड़ी का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित शिक्षकों के संबंध में कोई संतोषजनक उत्तर प्राप्त न होने पर शिक्षक उपस्थिति रजिस्टर को जब्त किया गया। ग्राम ढाबला के आंगनबाड़ी की जर्जर अवस्था को देखकर मौके पर ही उपस्थित सीइओ जनपद पंचायत दिलीप कुमार जैन को नए आंगनबाड़ी भवन का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी में पोषण आहार वितरण का रिकार्ड व्यवस्थित नहीं पाए जाने पर उन्होंने महिला व बाल विकास विभाग की जिला परियोजना अधिकारी को आंगनबाड़ी की विस्तृत जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
एक सप्ताह में नलजल योजना करें शुरू
श्री सिंह द्वारा इस दौरान ग्राम वासियों से नलजल योजनाओं के संचालन एवं पेयजल की स्थिति के संबंध में भी चर्चा की। ग्राम ढाबला में ग्राम वासियों द्वारा नलजल योजना बंद होने के बारे में जानकारी मिलने पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सहायक यंत्री श्री सक्सेना को मोके पर बुलाकर एक सप्ताह में नल-जल योजना को प्रारंभ करने के लिए निर्देश दिए। ग्राम कुलांसखुर्द में नई मोटर क्रय कर नलजल योजना प्रांरभ करने के पंचायत सचिव को निर्देश दिए।








