अलीगढ़ जहरीली शराब कांड के आरोपियों के खिलाफ लगेगा एनएसए व गैंगस्टर एक्ट

अलीगढ़ में हुई घटना के बाद योगी सरकार एक्शन के मोड में आ गई है। शनिवार को प्रदेश के आबकारी मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री ने मैनपुरी में कहा कि पूरे प्रदेश में शराब की सभी दुकानों की चेकिंग शुरू करा दी गई है। अवैध शराब के माफिया तंत्र को नेस्तनाबूत करने के लिए पहले से चल रहा अभियान और तेज किया जाएगा। सरकार ने अलीगढ़ घटना की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दे दिए गए हैं। इस घटना में शामिल लोगों पर एनएसए की कार्रवाई भी की जाएगी।
शनिवार को अपने आवास पर आबकारी मंत्री ने अलीगढ़ घटना पर गहरा दुख जताया। कहा कि सरकार मृतकों के परिजनों केसाथ है। इस घटना में शामिल हुए आरोपी पकड़े गए हैं, मुकदमा भी दर्ज हुआ है। आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर, एनएसए की कार्रवाई करने के निर्देश अलीगढ़ प्रशासन को दिए गए हैं। इस घटना में जो अन्य लोग दोषी होंगे उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी।
आबकारी मंत्री ने कहा कि घटना के बाद तत्काल अलीगढ़ के आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षक और सिपाहियों को निलंबित किया गया है। उन्होंने इस घटना पर सीएम योगी आदित्यनाथ से भी बात की है। घटनास्थल से जुड़े थाना प्रभारी और सीओ को भी सस्पेंड करने की मांग उन्होंने सीएम से की है।
माफिया की जब्त की गई करोड़ों की संपत्ति
आबकारी मंत्री ने कहा कि इस शराब तंत्र को नेस्तनाबूत करने के लिए पहले से भी सख्त कदम उठा रही है। मैनपुरी सहित पूरे प्रदेश में अवैध शराब के माफिया तंत्र को नष्ट किया गया है। करोड़ों की संपत्ति जब्त की गई है। शातिर माफिया जेल में है। इस तरह की घटनाएं यूपी में फिर से न हो, इसके लिए कठोरतम कार्रवाई अभियान फिर से शुरू किया जा रहा है।








