Site icon Yashbharat.com

अच्छी खबर: एक साल बाद पटरी पर लौटेंगी पैसेंजर ट्रेनें

images 1

कटनी। कोविड लॉकडाउन में पिछले साल से बंद की गई पैसेंजर ट्रेन सेवा एक साल बाद फिर बहाल हो रही है। रेलवे बोर्ड से पश्चिम मध्य रेल को लोकल ट्रेन संचालन की अनुमति प्राप्त हो गई है। बोर्ड की हरी झंडी के साथ गाड़ी संख्या 05671/72 इटारसी-सतना-इटारसी पैसेंजर का अनारक्षित स्पेशल ट्रेन के रूप में पटरी पर लौटना तय है।

यह ट्रेन इटारसी से 7 अप्रैल को सतना के लिए रवाना होने के साथ अगले दिन से दोनों छोर से संचालित होगी। इस ट्रेन में यात्री बिना रिजर्वेशन यात्रा कर सकेंगे। सतना-कटनी-जबलपुर और आसपास के छोटे स्टेशन के यात्रियों की आवाजाही के लिए एक साल से बंद रेल सुविधा उपलब्ध होगी। वहीं गाड़ी संख्या 02051/52 हबीबगंज-जबलपुर-हबीबगंज इंटरसिटी  ट्रेन भी 8 अप्रैल से दोबारा शुरू हो रही है। इसके अलावा कुछ अन्य यात्री ट्रेनों के संचालन की स्वीकृति भी पमरे को प्राप्त हुई है। इसमें बीना-कटनी मेमू ट्रेन भी शामिल है।

कटनी-बीना के बीच दौड़ेगी मैमू ट्रेन

लंबे इंतजार के बाद रेलवे ने बंद पैसेंजर ट्रेनों की जगह पर मेमू ट्रेन चलाने का आदेश जारी कर दिया है। मेमू ट्रेनें 8 अप्रेल से ट्रैक पर दौडऩे लगेगी। जिसके बाद जनरल टिकट के साथ ही यात्री मेमू ट्रेन से यात्रा कर सकेंगे। रेलवे बोर्ड के आदेश के बाद पश्चिम मध्य रेलवे ने इसके लिए लिस्ट जारी कर दी है। यह मेमू ट्रेन बीना से कटनी, कोटा व भोपाल के बीच चलेंगी। जिसके बाद लोगों को यात्रा करने में हो रही परेशानी से निजात मिलेगी। साथ ही अपडाउन करने वाले यात्री भी परेशान नहीं होंगे। रेलवे के द्धारा कटनी मुड़वारा स्टेशन से बीना गाड़ी संख्या 06621/06622 बीना-कटनी मुड़वारा-बीना मैमू ट्रेन भी रेलवे शुरू करने जा रहा है, यह विशेष ट्रेन है। यह 8 अप्रैल से प्रतिदिन चलेगी। शुरू की गई सभी मेमू ट्रेनों के लिए पर्याप्त रैक मिलने के बाद इन्हें शुरू किया जा रहा है। इसके अलावा सभी मेमू ट्रेनों का बीना में ही मेमू शेड में मेंटेनेंस किया जाएगा। जिसके कारण ट्रेनों से संचालन में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।

7 अप्रैल से शुरू होगी इटारसी-सतना-इटारसी पैसेंजर

गाड़ी संख्या 05671 इटारसी-सतना इंटसिटी ट्रेन 7 अप्रैल से शुरू होगी। यह ट्रेन प्रतिदिन चलाई जाएगी। पहला ट्रिप 7 अप्रैल से शुरू होगा। इसमें 11 जनरल कोच, 2 एसएलआर शामिल किए गए हैं।  यह ट्रेन इटारसी से सुबह 4:30 बजे रवाना होकर सुबह 11:27 बजे कटनी पहुंचेगी और तीन मिनट का ठहराव लेने के बाद सुबह 11:30 पर रवाना होकर दोपहर 1:45 बजे सतना पहुंचेगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 05672 सतना-इटारसी इंटरसिटी 8 अप्रैल से चलेगी। इसमें भी 13 कोच रहेंगे। यह ट्रेन सतना से 12:05 बजे रवाना होकर कटनी स्टेशन पर दोपहर 1:47 बजे कटनी पहुंचेगी व 1:50 पर रवाना होगी और रात 9:50 बजे इटारसी पहुंचेगी।

हबीबगंज-जबलपुर इंटरसिटी

गाड़ी संख्या 02051 हबीबगंज से सुबह 5:10 बजे रवाना होकर सुबह 10:30 बजे जबलपुर पहुंचेगी। वापसी में जबलपुर से दोपहर 3:50 बजे चलकर रात 9:55 बजे हबीबगंज स्टेशन पहुंचेगी।

पमरे की इन पैसेंजर ट्रेनों के संचालन मिली स्वीकृति

अनारक्षित स्पेशल

8 अप्रैल से-सतना-मानिकपुर-सतना 05763/64 पैसेंजर

8 अप्रैल से-सतना-मानिकपुर-सतना 05765/66 पैसेंजर

आरक्षित स्पेशल

7 अप्रैल से-कोटा-इंदौर-कोटा 02299/02300 इंटरसिटी

9 अप्रैल से-कोटा-इटावा-कोटा 09811/09812 एक्सप्रेस

पमरे के इन रूटों पर शुरू होंगी मेमू ट्रेन

गाड़ी संख्या 06621-बीना-कटनी मुड़वारा।

गाड़ी संख्या 06622-कटनी मुड़वारा-बीना।

गाड़ी संख्या 06624-बीना-कोटा।

गाड़ी संख्या 06623-कोटा-बीना।

गाड़ी संख्या 06631-भोपाल-बीना।

गाड़ी संख्या 06632-बीना-भोपाल।

गाड़ी संख्या 06633-भोपाल-बीना एक्सप्रेस।

गाड़ी संख्या 06634-बीना-भोपाल एक्सप्रेस।

जनरल टिकट काउंटर भी खुलेंगे

रेलवे की ओर से अनारक्षित स्पेशल ट्रेन का संचालन प्रारंभ करने की घोषणा के साथ रेलवे स्टेशन में जनरल टिकट काउंटर का खुलना भी तय हो गया है। इससे कम दूरी के स्टेशन तक की यात्रा के लिए लोग तुरंत काउंटर से टिकट ले सकेंगे। उन्हें प्रमुख शहरों तक आने-जाने की सुविधा मिलेगी। हालांकि स्पेशल के बतौर ट्रेनों का संचालन होने के कारण यात्री किराया अपेक्षाकृत कुछ ज्यादा देना होगा। यात्रियों को कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना पड़ेगा।

इनका कहना 

रेल यात्रियों की समस्या को ध्यान में रखते हुए पमरे ने और ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। 7 व 8 अप्रैल से 6 ट्रेनों का परिचालन शुरू होगा, जिसमें हजारों यात्रियों को सुविधा मिलेगी। इसके लिए आवश्यक तैयारी की जा रही है।

संजय दुबे, स्टेशन प्रबंधक, कटनी जंक्शन।

Exit mobile version