EVM से भरे ट्रक पलटने पर हार्दिक ने पूछा- ड्राइवर कैसे बच गया
भरूच । पाटीदार अनामत आंदोलन समिति के नेता हार्दिक पटेल गुरुवार को सोशल मीडिया यूजर्स के निशाने पर आए। कारण उनका एक ट्वीट था।
हार्दिक ने उसके जरिए ईवीएम से भरे ट्रक पलटने के हादसे की एक तस्वीर शेयर की थी। उन्होंने इसी के साथ पूछा था कि हादसे में ईवीएम से भरा ट्रक पलटा है
। मशीनें टूट गईं। मगर ड्राइवर को कुछ नहीं हुआ? टि्वटर यूजर्स ने इसी बात पर उन्हें आड़े हाथों लिया और उन्हें करारे जवाब दिए। पूछा, “ईवीएम बच जाती। लेकिन ड्राइवर मर जाता। यही चाहते थे आप।” एक अन्य यूजर ने कहा, “इतनी गंदी सोच है आपकी।” बता दें कि गुजरात के भरूच में गुरुवार दोपहर को एक ट्रक सड़क हादसे का शिकार हुआ था, जिसमें तकरीबन 100 ईवीएम और वीवीपैट रखी हुई थीं। वे सब इस दौरान टूट गईं।
हादसे में तीन मजदूरों के भी घायल होने की खबर है। जबकि, ड्राइवर की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। सभी ईवीएम यहां के जंबूसर विस सीट के लिए सुरक्षित रखी गई थीं, जिन्हें गोदाम में रखने के लिए ले जाया जा रहा था। पाटीदार नेता ने इसी घटना को लेकर सवाल किया है। बाद में उन्होंने इसे लेकर पूछा है कि इस कांड को क्या नाम दिया जाए?