पुणे जाने की जिद पर पति से विवाद: कटनी जिला अस्पताल की चौथी मंजिल से कूदी महिला; सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठे गंभीर सवाल

पुणे जाने की जिद पर पति से विवाद: कटनी जिला अस्पताल की चौथी मंजिल से कूदी महिला; सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठे गंभीर सवा
कटनी। शासकीय जिला अस्पताल की निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत से महिला के कूदने के मामले में अब अस्पताल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना में घायल महिला की पहचान इंद्रा ज्योति कॉलोनी (माधवनगर) निवासी 45 वर्षीय दुर्गा वंशकार (पति संतोष वंशकार) के रूप में हुई है, जिसने पुणे जाने को लेकर पति से हुए घरेलू विवाद के बाद यह खौफनाक कदम उठाया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अस्पताल की सुरक्षा में बड़ी चूक
इस पूरे घटनाक्रम ने जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। सवाल यह उठ रहा है कि एक आम महिला इतनी आसानी से निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत के प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश कर चौथी मंजिल तक कैसे पहुंच गई? इतने बड़े अस्पताल परिसर में तैनात सुरक्षाकर्मियों या निर्माण कार्य में लगे लोगों में से किसी ने भी महिला को निर्माणाधीन भवन की ओर जाते या सीढ़ियां चढ़ते समय रोकने-टोकने की जहमत क्यों नहीं उठाई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि निर्माणाधीन स्थल की घेराबंदी होती या मुख्य द्वार पर सुरक्षा गार्ड मुस्तैद होते, तो महिला को समय रहते रोका जा सकता था।
30 मिनट तक चला हाई-वोल्टेज ड्रामा
जब महिला चौथी मंजिल पर पहुंच गई, तब जाकर लोगों का ध्यान उस ओर गया। देखते ही देखते परिसर में हड़कंप मच गया और भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंचे पुलिस बल, अस्पताल स्टाफ, सुरक्षा गार्ड और महिला के परिजन करीब 30 मिनट तक उसे नीचे उतरने के लिए मनाते रहे। हालांकि, तमाम समझाइश के बावजूद महिला ने किसी की बात नहीं मानी और सबके सामने छलांग लगा दी।
पति से पुणे जाने को लेकर हुआ था विवाद
महिला की सास मालती बाई वंशकार के अनुसार, दुर्गा अपने पति के साथ पुणे जाने की जिद कर रही थी। लेकिन बच्चों की तबीयत खराब होने के कारण पति फिलहाल उसे साथ ले जाने में असमर्थ था। इसी बात से नाराज होकर वह घर से निकली और अस्पताल की नई बिल्डिंग पर चढ़ गई।
इलाज जारी, हालत स्थिर
छलांग लगाते ही परिसर में मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को तुरंत इमरजेंसी वार्ड में पहुंचाया। जिला सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा ने बताया कि महिला का प्राथमिक उपचार कर दिया गया है और फिलहाल उसकी हालत सामान्य है। ऊंचाई से गिरने के कारण फ्रैक्चर और अंदरूनी चोटों की जांच कराई जा रही है। वहीं पुलिस सुरक्षा में हुई चूक और घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।








