Latestमध्यप्रदेश

डिंडौरी में आफत की बारिश: उफान पर नर्मदा नदी, जोगी टिकरिया पुल डूबा; जबलपुर-अमरकंटक व शहडोल मार्ग बंद, सैकड़ों गांवों का संपर्क टूटा

डिंडौरी में आफत की बारिश: उफान पर नर्मदा नदी, जोगी टिकरिया पुल डूबा; जबलपुर-अमरकंटक व शहडोल मार्ग बंद, सैकड़ों गांवों का संपर्क टूटा

डिंडौरी/जबलपुर, yashbharat.com। मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में पिछले 48 घंटों से जारी मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर आ गए हैं और जिले में बाढ़ जैसे हालात निर्मित हो गए हैं। मां नर्मदा नदी के जलस्तर में हुई बेतहाशा बढ़ोतरी से जबलपुर-अमरकंटक मार्ग पर यातायात पिछले 1 घंटे से पूरी तरह ठप है। नर्मदा का पानी जोगी टिकरिया पुल के ऊपर बह रहा है, जबकि जिला मुख्यालय का मुख्य पुल भी जलमग्न होने की कगार पर पहुंच चुका है।

प्रमुख मार्ग बंद, जिला मुख्यालय से कटा संपर्क

लगातार हो रही बारिश और नदियों के उफान के चलते डिंडौरी का संपर्क आसपास के प्रमुख शहरों से कट गया है:

  • जबलपुर-अमरकंटक मार्ग ठप: जोगी टिकरिया पुल पानी में पूरी तरह डूबने से वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।

  • डिंडौरी-शहडोल मार्ग बंद: सुबह से ही जलस्तर बढ़ने के कारण पुलिया के ऊपर से पानी बह रहा है, जिससे शहडोल मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया है।

  • 100 से अधिक गांव बने ‘टापू’: बजाग और करंजिया जनपद क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले 100 से अधिक ग्रामीण अंचलों का संपर्क तहसील व जिला मुख्यालय से पूरी तरह टूट गया है।

मौसम विभाग की चेतावनी, अलर्ट पर प्रशासन

जिला मुख्यालय समेत अमरकंटक, बजाग और करंजिया इलाकों में तेज बारिश का दौर लगातार जारी है। प्रशासन ने नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। पुलिस और होमगार्ड की टीमों को उफान वाले पुल-पुलियों पर तैनात कर दिया गया है ताकि कोई भी जोखिम उठाकर नदी पार न करे।

Back to top button