Site icon Yashbharat.com

Weather Forecast: उत्तर भारत में गिरा पारा, अगले 4 दिनों में दिल्ली में शीतलहर का अलर्ट

cold_news

cold_news

नई दिल्ली । बर्फीली हवाओं की वजह से उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों में दिल्ली के कुछ हिस्सों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।

इसके अनुसार न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। उत्तर प्रदेश में घने कोहरो देखने को मिल रहा है।

प्रदेश में ठंड के कारण 75 वर्षीय एक महिला की कथित तौर पर मौत हो गई है, जबकि ओडिशा में सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। भारत के मौसम विभाग ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में अगले चार दिनों में मध्यम से घना कोहरा छा सकता है।

कश्मीर में भी ठंड की स्थिति बनी हुई है। घाटी में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदू से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग ने इस हफ्ते तक मौसम के शुष्क और ठंडा रहने की संभावना जताई है। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी की संभावना है। अधिकारियों ने कहा कि घाटी में रात के तापमान में गिरावट जारी है, वहीं कुछ स्थानों पर पारे में मामूली सुधार भी हुआ है। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम पर्यटक स्थल का पारा भी पिछली रात के न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया, जो शून्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस कम है।

उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में कड़ाके की ठंड

उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहने के साथ ही कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग ने मंगलवार को एक बयान में बताया कि प्रदेश में न्यून्तम तापमान चुर्क (सोनभद्र) का 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि सबसे अधिक तापमान झांसी में 27.1 डिग्री दर्ज किया गया।

रात के समय घर के अंदर ही रहने का सुझाव 

आंतरिक ओडिशा में ठंड से सामान्य जीवन गंभीर रूप से प्रभावित हुआ है। फूलबनी में पारा 4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया और यह राज्य का सबसे ठंडा स्थान बन गया। मौसम कार्यालय ने अगले 24 घंटों के दौरान पांच जिलों में कड़ाके की ठंड जारी रहने की चेतावनी दी है। राज्य के 13 स्थानों पर रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। ठंड की स्थिति को देखते हुए आईएमडी ने लोगों से रात के समय घर के अंदर ही रहने का सुझाव दिया है।

 

 

 

Exit mobile version