पाकिस्तान में अल्पसंख्यक लड़कियों के अपहरण और जबरन धर्म परिवर्तन के 84 मामले, VOPM की रिपोर्ट में खुलासा
इस्लामाबाद। पाकिस्तान में धार्मिक अल्पसंख्यक समुदायों की लड़कियों और महिलाओं के अपहरण, जबरन धर्म परिवर्तन और जबरन शादी के मामलों को लेकर एक रिपोर्ट सामने आई है। अल्पसंख्यक अधिकार संगठन ‘वॉइस ऑफ पाकिस्तान माइनॉरिटी’ (VOPM) की रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2026 के शुरुआती 10 महीनों में कम से कम 84 लड़कियों और महिलाओं का अपहरण कर उनका जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया और निकाह किया गया। संगठन ने इस स्थिति को धार्मिक अल्पसंख्यकों के खिलाफ गंभीर उत्पीड़न करार दिया है।
49 ईसाई और 35 हिंदू पीड़ित, 43 नाबालिग शामिल रिपोर्ट के मुताबिक, सामने आए 84 मामलों में 49 ईसाई और 35 हिंदू लड़कियां व महिलाएं शामिल हैं। इनमें 43 पीड़ित नाबालिग बताई गई हैं, जबकि 6 लड़कियों की उम्र 14 वर्ष से भी कम थी। प्रांतवार आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक 47 मामले पंजाब प्रांत में दर्ज किए गए, जिनमें 18 घटनाएं अकेले लाहौर में हुईं। इसके अलावा सिंध प्रांत में 36 और बलूचिस्तान में 1 मामला सामने आया।
आंकड़ों से अधिक होने की आशंका, धीमी कार्रवाई पर सवाल VOPM के अनुसार, 2021 से 2025 के बीच ऐसे 515 मामले दर्ज हुए थे, लेकिन मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का मानना है कि डर और असुरक्षा के चलते कई परिवार शिकायत दर्ज नहीं कराते, इसलिए वास्तविक संख्या इससे अधिक हो सकती है। रिपोर्ट में पुलिस और न्यायिक प्रक्रिया की सुस्ती पर सवाल उठाते हुए कहा गया कि देरी के कारण पीड़ित परिवारों का संकट बढ़ता है और जबरन धर्म परिवर्तन व शादी के बाद लड़कियों की घर वापसी की उम्मीदें कमजोर पड़ जाती हैं।
कानूनी सुरक्षा और त्वरित कार्रवाई की मांग संगठन ने कहा कि नाबालिग बच्चियां शादी या धर्म परिवर्तन को लेकर स्वतंत्र सहमति नहीं दे सकतीं। VOPM ने प्रत्येक मामले की त्वरित व निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और बच्चों को जबरन धर्म परिवर्तन व शादी से बचाने के लिए प्रभावी कानून बनाने की मांग की है। साथ ही संगठन ने पाकिस्तान सरकार से अल्पसंख्यक परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर सवाल भी उठाया है।

