Site icon Yashbharat.com

विश्व हिंदू परिषद–बजरंग दल का एकदिवसीय जिला अभ्यास वर्ग सम्पन्न, सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने लिया प्रशिक्षण

IMG 20251230 WA0017

कटनी। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा एकदिवसीय जिला अभ्यास वर्ग का आयोजन विगत दिवस रविवार को केडीसी कॉलेज, कटनी में किया गया। इस अभ्यास वर्ग में जिले भर से सैकड़ों की संख्या में विहिप एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही। कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीराम दरबार के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

अभ्यास वर्ग को संबोधित करते हुए विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष मथुरा प्रसाद सोने ने संगठन के सत्संगात्मक स्वरूप, कार्यपद्धति और विस्तार पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जब तक समाज प्रशिक्षित और संगठित नहीं होगा, तब तक संगठनात्मक लक्ष्यों की प्राप्ति में कठिनाइयाँ आती रहेंगी। उन्होंने अधिक से अधिक हिंदू समाज को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया।

जिला मंत्री राहुल दुबे ने अपने संबोधन में संगठन की आचार पद्धति और गांव-गांव तक विस्तार की आवश्यकता पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। वर्ग की प्रस्तावना रखते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे अभ्यास वर्गों के माध्यम से संगठन के युवाओं को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाया जाता है, ताकि वे “सेवा, सुरक्षा और संस्कार” के ध्येय के साथ राष्ट्र और धर्महित में प्रभावी योगदान दे सकें।
उन्होंने कहा कि अभ्यास वर्ग से आत्मरक्षा, अनुशासन और हिंदू संस्कृति के संरक्षण की प्रेरणा मिलती है, जो आज के समय में अत्यंत आवश्यक है। अभ्यास वर्ग के दौरान जिला पदाधिकारियों के साथ-साथ खंड एवं प्रखंड स्तर के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम पूरे उत्साह, अनुशासन और संगठनात्मक एकजुटता के साथ सम्पन्न हुआ।

Exit mobile version