Site icon Yashbharat.com

धार्मिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थाओं, स्वास्थ्य केन्द्रों के आसपास से शराब दुकानें हटाने की मांग, विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल ने लिखा आबकारी अधिकारी को पत्र

IMG 20260331 WA0032

कटनी(YASHBHARAT.COM)। एक अप्रैल से नया आबकारी वित्तीय वर्ष शुरू हो रहा है, इसके पूर्व ही बजरंग दल व विश्व हिंदू परिषद ने जिले की आबकारी नीति को लेकर मोर्चा खोल दिया है। विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के पदाधिकारियों ने जिला आबकारी अधिकारी विभा मरकाम को पत्र सौंप कर जिले में कहीं पर भी धार्मिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थाओं, स्वास्थ्य केन्द्रों के आसपास शराब दुकान न खोलने चेतावनी दी है। विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संयोजक राहुल दुबे ने कहा है कि पिछले आबकारी वित्तीय वर्ष में विभाग के द्धारा भारी अनियमितताएं की गई थी और कई जगह धार्मिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थाओं, स्वास्थ्य केन्द्रों के आसपास शराब दुकान खोलने की अनुमति शराब ठेकेदारों को दे दी गई थी लेकिन अब कल एक अप्रैल से शुरू हो रहे नए आबकारी वित्तीय वर्ष में भी यह अनियमितताएं जारी रहीं जो बजरंग दल व विश्व हिंदू परिषद व्यापक पैमाने पर धरना प्रदर्शन करते हुए इसका विरोध करेगा। जिला आबकारी अधिकारी को प्रेषित पत्र की प्रति यशभारत डॉट काम को उपलब्ध कराते हुए विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संयोजक राहुल दुबे ने बताया कि नवीन आबकारी नीति के तहत जो भी शराब दुकानों का आवंटन विभाग द्वारा किया गया है उन दुकानों का धार्मिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थाओं, स्वास्थ्य केन्द्रों के आसपास संचालन न किया जाए। राहुल दुबे ने बताया कि घंटाघर क्षेत्र में हनुमान मंदिर के ठीक सामने शराब दुकान का संचालन किया जाता है, जिससे कई लोग मंदिर के सामने ही बैठकर शराब का सेवन करते हैं और शराब की बोतलों और चखना के खाली पैकट वहीं फेंक कर चले जाते हैं। जिससे मंदिर में पूजा अर्चना करने व आस्था रखने वाली हिन्दुओं को ठेस पहुंचती है। राहुल दुबे ने स्पष्ट किया कि मंदिर में ट्रस्ट गठित है या नहीं, इस बात से कोई लेना देना नहीं लेकिन जिले में धार्मिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थाओं, स्वास्थ्य केन्द्रों के आसपास शराब की बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिला प्रशासन व आबकारी विभाग इस पर सख्ती नहीं दिखाता तो बजरंग दल व विश्व हिंदू परिषद संयुक्त रूप से धरना प्रदर्शन व आंदोलन करते हुए इसका भरसक विरोध करेगा। गौरतलब है कि पिछले आबकारी वित्तीय वर्ष में भी घंटाघर मेंं हनुमान मंदिर के सामने शराब दुकान खोले जाने का विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल ने विरोध किया था लेकिन उस समय जिला प्रशासन व आबकारी विभाग ने यह कहकर शराब दुकान हटाने से मना कर दिया था कि केवल ट्रस्टी मंदिरों के आसपास ही शराब की बिक्री प्रतिबंधित है। इसलिए इस बार बजरंग दल व विश्व हिंदू परिषद ने चेतावनी दी है कि धार्मिक स्थल मतलब धार्मिक स्थल फिर चाहे उसका ट्रस्ट गठित हो या न हो। किसी भी धार्मिक स्थल आसपास शराब की बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पत्र में घंटाघर क्षेत्र से हनुमान मंदिर के सामने से शराब दुकान अविलंब हटाने की मांग भी की गई है। इसके अलावा शहर से लेकर गांव-गांव तक जहां पर भी धार्मिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थाओं, स्वास्थ्य केन्द्रों के आसपास शराब की दुकानें संचालित हैं, उन्हे हटाने की मांग जिला आबकारी अधिकारी से की गई है।

Exit mobile version