विशाखापत्तनम: 6 साल के मासूम की बेरहम पिटाई से मौत; परिजनों का आरोप- होमवर्क पूरा न करने पर शिक्षिका ने ली जान

विशाखापत्तनम: 6 साल के मासूम की बेरहम पिटाई से मौत; परिजनों का आरोप- होमवर्क पूरा न करने पर शिक्षिका ने ली जान

यश भारत। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शहर के ‘वन टाउन’ इलाके में स्थित ‘लिटिल गार्डन स्कूल’ में प्रथम कक्षा के 6 वर्षीय छात्र प्रणय तेजा की कथित तौर पर टीचर द्वारा की गई पिटाई के बाद मौत हो गई।

इस घटना के बाद से मृतक बच्चे के परिजनों में कोहराम मच गया है और वे आरोपी शिक्षिका व स्कूल प्रशासन पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

सुबह ठीक-ठाक गया था स्कूल, दोपहर में आई मौत की खबर

मृतक बच्चे के परिजनों ने बताया कि प्रणय सुबह 8 बजे बिल्कुल स्वस्थ और ठीक-ठाक घर से स्कूल गया था। लेकिन कुछ ही घंटों बाद स्कूल प्रबंधन की ओर से परिजनों को फोन आया कि प्रणय की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और उसे निजी अस्पताल ले जाया गया है।

जब परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे, तो डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया था। उस वक्त आरोपी शिक्षिका मासूम के शव को अपनी गोद में लिए हुए अस्पताल में मौजूद थी।

डंडे से पिटाई के बाद जमीन पर गिरा मासूम

परिजनों का गंभीर आरोप है कि होमवर्क पूरा न होने की वजह से शिक्षिका ने प्रणय को डंडे से बेरहमी से पीटा था। पिटाई की मार न सह पाने के कारण वह क्लासरूम में ही बेहोश होकर गिर पड़ा, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।

मामले की जांच में जुटी पुलिस और राजस्व विभाग

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेवेन्यू अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चे की मौत के असली कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए स्कूल के कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है।

इस दुखद हादसे ने एक बार फिर स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और शिक्षकों के व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ की एडवांस बुकिंग में बंपर ओपनिंग: 24 घंटे में कमाए ₹20 करोड़ के करीब, आज हैदराबाद में ग्रैंड इवेंट

Exit mobile version