Site icon Yashbharat.com

viral video कचहरी चौक स्थित SDM कार्यालय में मिली शराब और बीयर की बोतलें

IMG 20230910 WA0015

कटनी, (विवेक शुक्ला)। कचहरी चौक के तहसील परिसर स्थित एसडीएम कार्यालय में शराब व बीयर की बोतलें मिलने का मामला viral video से सामने आया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद शनिवार को एसडीएम राकेश चौरसिया ने मामले की जांच कराने की बात कही है। एसडीएम ने कोतवाली प्रभारी को रात के समय गश्त के लिए पत्र लिखा है।

एसडीएम ने कहा कि ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में एसडीएम कार्यालय में न्यायालय कक्ष में शराब की बोतलें नजर आ रही हैं। एक स्थान पर बोतल भी फोड़ी गई है, जिससे कांच फर्श पर बिखरा हुआ है। कार्यालय के बाहर रखा कूलर भी क्षतिग्रस्त नजर आ रहा है।

एक तरफ आशंका है कि देररात कार्यालय में शराबखोरी हो रही है तो दूसरी ओर कार्यालय के कर्मचारी तहसील परिसर में रात के समय हो रही शराबखोरी में शामिल शराबियों की करतूत बता रहे हैं। बताया जा रहा है कि तहसील परिसर में रात के समय शराबियों का जमघट लगता है।

जिन टेबिलों में दिनभर वकील और नोटरी कार्य करती है उन्हें टेबिलों पर उनके जाने के बाद रात के समय शराबखोरी हो रही है। सुबह तहसील परिसर में जगह-जगह शराब की बोतलें नजर आती है। शराबियों के इस जमघट से कोतवाली पुलिस की गश्त पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। एसपी सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए दे रहे हैं लेकिन कोतवाली पुलिस कचहरी परिसर तक में गश्त नहीं कर रही है।

इनका कहना 
कार्यालय परिसर में शराब की बोतलें होने संबंधी वीडियो संज्ञान में आया है। बोतलें अंदर कैसे पहुंची इसकी जांच कराएंगे। रात्रिकालीन गश्त के लिए कोतवाली टीआइ को पत्र लिखा गया है। रात के समय उचित प्रकाश व्यवस्था के लिए निगम को पत्र लिखा गया है।
राकेश चौरसिया, एसडीएम।

Exit mobile version