Shri Harihar Tirth हमारे देश की संस्कृति और सभ्यता को विकृति में बदलने का षड्यंत्र चल रहा लेकिन यह षड्यंत्र कभी पूरा नहीं होगा क्योंकि इस देश मे सनातन संस्कृति के लिए तीर्थ बनाने वाले अनुज संजय पाठक जैसे लोग हैं। यह बात आज प्रस्तावित श्री हरिहर तीर्थ में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने जन जन को संबोधित करते व्यक्त किये।
श्री विजयवर्गीय ने कहा कि यहां आकर जब मैने संजय के संकल्प को करीब से देखा तो ऐसा लगा मानो ऊंट पहाड़ के नीचे आ गया। उन्होंने बताया कि इंदौर में उन्होंने एक हनुमानजी का मंदिर बनवाया तब ऐसा लग कि यह अद्भुत कार्य है लेकिन यहां तो संजय ने पूरे चारों धाम के तीर्थ के बनाने की कल्पना को साकार करने की भीष्म प्रतिज्ञा ली है जो सचमुच इतना बड़ा संकल्प है जिसे शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता।
श्री विजयवर्गीय ने कहा कि हमारी संस्कृति को लव जेहाद जैसे कृत्यों से विकृति में बदलने की साजिश षड्यंत्र में भागीदार लोग कभी सफल नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि इस तरह के छल से हमें धार्मिक आयोजन निरन्तर न सिर्फ आगाह करते रहेंगे वरन इससे बचाते भी रहेंगे। देश को पहले भी तोड़ने और संस्कृति पर हमले हुए लेकिन इस देश और देशवासियों के कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
उन्होंने कहा समय अब बदल गया है देश अब चुप नहीं ऐसे लोग अब संभल जाएं वरना कहीं के नहीं रहेंगे। श्री विजयवर्गीय ने उद्बोधन के पूर्व जगतगुरु रामभद्राचार्य जी का पूजन किया। उनके साथ पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष विनोद गोंटिया, डा जितेंद्र जामदार, मंत्री तुलसी सिलावट सहित कई गणमान्यजनों की भी उपस्थिति थी।

