
Uttarkashi Tunnel Rescue Update: मैन्युअल ड्रिलिंग पूरी, कभी भी बाहर आ सकते हैं मजदूर; बाबा बौखनाग की रही असीम कृपा- सीएम धामी
सुरंग के अंदर पहुंचे सीएम
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह सुरंग से बाहर निकले हैं। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सुरंग के अंदर दाखिल हुए हैं।
खुशी से झूम उठे मजदूर
सुरंग के अंदर ड्रिलिंग करने वाली ऑगर मशीन के ऑपरेटर शंभू मिश्रा ने बताया कि 1 बजकर 50 मिनट पर जब पाइप आर-पार हुआ तो अंदर फंसे मजदूर खुशी से झूम उठे। उन्होंने हाथ हिलाकर खुशी जताई।
बाबा बौखनाग की रही असीम कृपा- सीएम धामी
उत्तरकाशी की सिलक्यारासुरंग में सफलतापूर्वक पाइप डालने पर सीएम धामी ने रेस्क्यू टीमों को बधाई दी। उन्होंने फेसबुक पोस्ट करते हुए लिखा बाबा बौखनाग जी की असीम कृपा रही। करोड़ों देशवासियों की प्रार्थना एवं रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे सभी बचाव दलों के अथक परिश्रम के फलस्वरूप श्रमिकों को बाहर निकालने के लिए टनल में पाइप डालने का कार्य पूरा हो चुका है। शीघ्र ही सभी श्रमिक भाइयों को बाहर निकाल लिया जाएगा।
सीएम धामी सिलक्यारा पहुंचे
सीएम पुष्कर सिंह धामी सुबह सिलक्यारा सुरंग का जायजा लेने पहुंचे थे। इसके बाद वह देहरादून किसी कार्यक्रम में शामिल होने आ गए थे। वहीं अब सीएम दोबारा सिलक्यारा पहुंच चुके हैं।
श्रमिकों तक पहुंचा पाइप
17 दिन बाद सुरंग से खुशखबरी आई है। रैट माइनर्स की टीम ने मैन्युअल ड्रिलिंग पूरी कर दी है। श्रमिकों तक पाइप पहुंच चुका है। पाइप वेल्डिंग किया जा रहा है, जिससे मजदूरों को कोई क्षति न पहुंचे। सुरंग के बाहर एंबुलेंस व डाक्टरों की टीम तैनात है। वहीं, एक एंबुलेंस अंदर भी गई है। श्रमिकों को सुरंग से निकालते ही चिन्यालीसौड़ अस्पताल ले जाया जाएगा।
01:35 PM, 28-NOV-2023
मैन्युअल ड्रिलिंग लगभग पूरी
सिलक्यारा सुरंग में मैन्युअल ड्रिलिंग लगभग पूरी हो चुकी है। एनडीआरएफ की टीम सुरंग के मुहाने पर पहुंची है। वहीं, एक एंबुलेंस भी सुरंग के अंदर से निकली है।
एम्बुलेंस सिलक्यारा सुरंग के मुहाने पर पहुंची
टीम ने अब मजदूरों को त्वरित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए वहां एंबुलेंस को भेज दिया है। यहां चार 108 एम्बुलेंस सिलक्यारा सुरंग के मुहाने पर पहुंची हैं। एसडीआरएफ के जवान सुरंग के अंदर ही श्रमिकों के मेडिकल चेकअप के लिए बेड लेकर जा रहे हैं। फोल्डिंग बेड के साथ तकिए और गद्दे भी पहुंचाए जा रहे हैं।
56 मीटर तक पूरी हुई ड्रिलिंग
रेस्क्यू ऑपरेशन के नोडल अधिकारी सचिव डॉ. नीरज खैरवाल व एनएचआईडीसीएल के एमडी महमूद अहमद ने बताया कि मैन्युअल ड्रिलिंग करीब 56 मीटर तक कर ली गई है। जल्द ही मजदूरों को बाहर निकाल लिया जाएगा।
पांच बजे तक पूरा हो सकता है बचाव अभियान
माइक्रो टनलिंग विशेषज्ञ क्रिस कूपर ने कहा, सुरंग में अब दो से तीन मीटर ड्रिलिंग ही बची है। हम शाम पांच बजे तक कुछ परिणाम देखने की उम्मीद कर रहे हैं।
सुरंग के पास पूजा पाठ भी जारी
श्रमिकों की सलामती के लिए सुरंग के पास लोग पूजा पाठ भी कर रहे हैं। बाबा बौखना के मंदिर के पास लोग हवन पूजा कर रहे हैं। अंतर्राष्ट्रीय टनलिंग विशेषज्ञ, अर्नोल्ड डिस्क भी पूजा में शामिल हुए।
श्रमिकों से महज तीन मीटर दूर रेस्क्यू टीम
रेस्क्यू टीम अब श्रमिकों से केवल तीन मीटर ही दूर है। कर्नल राहत एवं बचाव अभियान के प्रभारी कर्नल दीपक पाटिल ने बताया कि मैन्युअल ड्रिलिंग 53.9 मीटर तक हो गई है। 57 मीटर पर ब्रेकथ्रू होने की उम्मीद है।
पीएम मोदी ने सीएम से फोन पर लिया अपडेट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को दोबारा फोन कर सुरंग में फंसे श्रमिकों के राहत एवं बचाव कार्य के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा अंदर फंसे श्रमिकों के साथ ही बाहर राहत बचाव कार्य में जुटे लोगों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
सिलक्यारा में बारिश शुरू
अलर्ट के बीच सिलक्यारा में बारिश शुरू हो गई है। ऐसे में बचाव अभियान में जुटी टीमों को भी परेशानी हो सकती है। बता दें कि आज राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की और गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। 3500 मीटर के अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी होने की संभावना है।
सीएम धामी ने बौखनाग मंदिर में की पूजा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सिलक्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया। उन्होंने टनल के प्रवेश द्वार पर स्थित बाबा बौखनाग के मंदिर में पूजा अर्चना कर सभी श्रमिकों के सकुशल बाहर निकलने की प्रार्थना की।
परिजनों ने शुरू की तैयारी
फंसे हुए 41 मजदूरों के परिजनों को तैयार रहने और मजदूरों के कपड़े और बैग तैयार रखने को कहा गया है। मजदूरों को रेस्क्यू कर बाहर निकालकर चिन्यालीसौड़ अस्पताल ले जाया जाएगा।








