खुले नाले में गिरा युवक, हादसे से भड़की नाराजगी; दुर्गा समिति ने गर्ग चौराहे पर किया चक्काजाम
अंधेरे में प्रतिमा लेकर जा रहा दीपक सोनी नाले में गिरा, सीढ़ी से निकाला बाहर; 108 एंबुलेंस की सेवा पर उठे सवाल, नगर निगम की व्यवस्था के खिलाफ जताया आक्रो
कटनी। शहर के आधारकाप क्षेत्र में खुले नाले और अंधेरे के कारण बड़ा हादसा सामने आया। पवन मूर्तिकार के पास से सराफा एसोसिएशन दुर्गा पूजा समिति की दुर्गा प्रतिमा लेकर जा रहे दीपक सोनी अंधेरे के कारण खुले नाले में गिर गए। हादसे में उनके पैर में गंभीर चोट आने की आशंका जताई गई है। घटना के बाद साथियों में अफरा-तफरी मच गई और युवक को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, दीपक सोनी को नाले से निकालने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा को फोन किया गया। आरोप है कि शुरुआत में एंबुलेंस भेजने की बात कही गई, लेकिन कुछ देर बाद दूसरी जगह जाने का हवाला देते हुए दोबारा फोन करने को कहा गया। इसके बाद दोबारा संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।
सीढ़ी के सहारे निकाला, अस्पताल पहुंचाया
आखिरकार साथियों ने सीढ़ी की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दीपक सोनी को नाले से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें मोटरसाइकिल से ऋषि जैन हॉस्पिटल ले जाकर भर्ती कराने की व्यवस्था की गई।
हादसे के बाद गर्ग चौराहे पर चक्काजाम
घटना से नाराज दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों ने गर्ग चौराहे पर चक्काजाम कर विरोध जताया। समिति की नाराजगी खुले नालों और अंधेरे वाले स्थानों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने को लेकर सामने आई। प्रदर्शन के जरिए नगर निगम की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए गए।
शहर में खुले नालों और गड्ढों को सुरक्षित करने की मांग पहले भी उठती रही है। इसके बावजूद इस तरह की घटना सामने आने से नागरिकों में आक्रोश है। लोगों ने मांग की है कि खुले नालों को तत्काल ढका जाए और अंधेरे वाले स्थानों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।











