Site icon Yashbharat.com

UP : सुहास लालिनाकेरे यथिराज बनाये गए गौतमबुद्धनगर के नए डीएम, बीएन सिंह को भेजा गया राजस्व परिषद

consumer court

Publish Date:Mon, 30 Mar 2020 08:46 PM (IST)सुहास लालिनाकेरे यथिराज बनाये गए गौतमबुद्धनगर के नए डीएम, बीएन सिंह को भेजा गया राजस्व परिषद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नाराजगी के बाद गौतमबुद्धनगर (नोएडा) के जिलाधिकारी (डीएम) बीएन सिंह को हटा दिया गया है।
लखनऊ, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नाराजगी के बाद गौतमबुद्धनगर (नोएडा) के जिलाधिकारी (डीएम) बीएन सिंह को हटा दिया गया है। अब उनकी जगह सुहास लालिनाकेरे यथिराज (Suhas LY) को गौतमबुद्धनगर का नया डीएम नियुक्त किया गया है। बीएन सिंह के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की भी तैयारी है।

उत्तर प्रदेश के नोएडा में लगातार बढ़ रहे कोराना संक्रमण के मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को वहां पहुंचकर बचाव की तैयारियों का जायजा लिया। तैयारियों से असंतुष्ट सीएम योगी ने समीक्षा बैठक में कहा कि दो महीने पहले से ही अधिकारियों को आगाह किया गया था। इसके बावजूद काम करने के बजाय अधिकारों के लड़ाई में फंसे रहे और नोएडा का माहौल खराब कर दिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक के दौरान डीएम बीएन सिंह से यहां तक कह दिया कि बकवास बंद करो। उन्होंने डीएम और कमिश्नर दोनों अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई। सीएम योगी ने कहा कि दोनों अफसरों ने अधिकारों की लड़ाई के चक्कर में पूरे जिले के लोगों की जान जोखिम में डाल दी है। समय रहते सख्त कदम उठाए गए होते तो यह स्थिति नहीं होती। इसी के बाद से ही माना जा रहा था कि डीएम बीएन सिंह के खिलाफ कार्रवाई तय है और देर शाम शासन ने उनके तबादले के आदेश जारी कर दिये।

इससे पहले डीएम बीएन सिंह ने खुद को पद से हटाने के लिए शासन को पत्र लिख दिया। मुख्य सचिव को लिखे गए पत्र में डीएम बीएन सिंह ने कहा है कि वह व्यक्तिगत कारणों से गौतमबुद्ध नगर के डीएम के पद पर नहीं रहना चाहते। इसलिए उनके दायित्वों से मुक्त करते हुए तीन महीने की छुट्टी स्वीकृत करने का कष्ट करें। डीएम ने पत्र में यह भी लिखा कि कोरोना वायरस को लेकर कोई लापरवाही न हो इसके लिए इस पद पर किसी अन्य अधिकारी की नियुक्ति की जाए।

Exit mobile version