katniमध्यप्रदेश

सेवा संकल्प अभियान के अतंर्गत इटमा में निःशुल्क नेत्र जाँच एवं चश्मा वितरण शिविर आयोजित

सेवा संकल्प अभियान के अतंर्गत इटमा में निःशुल्क नेत्र जाँच एवं चश्मा वितरण शिविर आयोजि

 

कटनी -मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में सेवा संकल्प अभियान सेवा मेरा योगदान के अंतर्गत ग्राम इटमा में निःशुल्क नेत्र जाँच एवं चश्मा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन नवांकुर संस्था राहत समर्पण सेवा समिति एवं मृगनयनी सेवा समिति इटमा के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

 

शिविर में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग नेत्र परीक्षण कराने पहुंचे। शिविर के दौरान विशेषज्ञों द्वारा ग्रामीणों की आंखों की विस्तृत जाँच की गई तथा आंखों से संबंधित विभिन्न समस्याओं के बारे में आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी जानकारी दी गई। 80 से अधिक ग्रामीणों का नेत्र परीक्षण किया गया, जिसमें जाँच के दौरान 30 मरीजों में मोतियाबिंद की समस्या चिन्हित की गई। वहीं आवश्यकता के अनुसार 10 मरीजों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। शिविर में लोगों को मोतियाबिंद सहित आंखों से जुड़ी अन्य समस्याओं के प्रति जागरूक किया गया। ग्रामीणों को समझाया गया कि आंखों में धुंधलापन, कम दिखाई देना आंखों में पानी आना या अन्य किसी प्रकार की परेशानी को नजरअंदाज न करें और समय पर नेत्र विशेषज्ञ से जाँच कराएं। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उनके गांव में ही उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह केशरवाल एवं ब्लॉक समन्वयक श्रीमती आरती गुप्ता की उपस्थिति रही। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और जनकल्याण की गतिविधियों को पहुंचाना है। इटमा में आयोजित यह नेत्र शिविर इसी दिशा में एक सराहनीय पहल है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के शिविरों से जरूरतमंद लोगों को समय पर स्वास्थ्य सुविधा और जागरूकता मिलती है डॉ. सत्यराम साहू द्वारा भी शिविर में उपस्थित मरीजों का परीक्षण एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। वहीं शारदा प्रसाद साहू ऑप्टोमेट्रिस्ट द्वारा ग्रामीणों की नेत्र जाँच कर दृष्टि संबंधी समस्याओं की पहचान की गई तथा चश्मे की आवश्यकता वाले मरीजों को उचित परामर्श दिया गया। इस अवसर पर नवांकुर संस्था मृगनयनी सेवा समिति इटमा के अध्यक्ष अवधेश शर्मा सहित संस्था के पदाधिकारी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। संस्था के सदस्यों ने शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा ग्रामीणों को अधिक से अधिक संख्या में नेत्र परीक्षण कराने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति को लेकर भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। उपस्थित ग्रामीणों ने स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ते हुए अपने गांव को नशामुक्त ग्राम बनाने का संकल्प लिया। ग्रामीणों ने कहा कि नशे के कारण परिवार और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को देखते हुए युवाओं को नशे से दूर रखना और लोगों को इसके प्रति जागरूक करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस शिविर से ग्रामीणों को स्वास्थ्य नेत्र सुरक्षा एवं नशामुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता प्राप्त हुई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि इस तरह के सेवा कार्य गांव के जरूरतमंद लोगों के लिए बेहद उपयोगी हैं। सेवा मेरा योगदान की भावना के साथ आयोजित यह शिविर ग्रामीण क्षेत्र में जनसेवा और स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में सामने आया।

Back to top button