katniमध्यप्रदेश

पीएम स्वनिधि योजना के तहत 01 से 30 सितंबर तक आयोजित होगा ‘लोक कल्याण मेला,पथ विक्रेताओं को ऋण सुविधा, डिजिटल लेन-देन, क्रेडिट कार्ड एवं विभिन्न सामाजिक कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर रहेगा विशेष जोर

पीएम स्वनिधि योजना के तहत 01 से 30 सितंबर तक आयोजित होगा ‘लोक कल्याण मेला,पथ विक्रेताओं को ऋण सुविधा, डिजिटल लेन-देन, क्रेडिट कार्ड एवं विभिन्न सामाजिक कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर रहेगा विशेष जो

 

कटनी। प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि योजना के अंतर्गत पथ विक्रेताओं को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने एवं उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से 01 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक ‘लोक कल्याण मेला’ आयोजित किया जाएगा। भारत सरकार, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार जिले के समस्त नगरीय निकायों में अभियान के दौरान विभिन्न गतिविधियों का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।

 

अभियान का प्रमुख उद्देश्य पथ विक्रेताओं को ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनका डिजिटल सशक्तिकरण, क्षमता विकास तथा सामाजिक-आर्थिक प्रोफाइलिंग कर उन्हें विभिन्न केंद्र शासन की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है। इसके माध्यम से पथ विक्रेताओं को स्वरोजगार को मजबूत करने, डिजिटल माध्यम से लेन-देन बढ़ाने तथा वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

 

लंबित ऋण प्रकरणों का होगा त्वरित निराकरण

 

‘लोक कल्याण मेला’ के दौरान ऐसे हितग्राहियों से संपर्क किया जाएगा, जिनके स्वनिधि के ऋण स्वीकृत हो चुके हैं, लेकिन ऋण राशि का वितरण लंबित है, ताकि उन्हें शीघ्र ऋण उपलब्ध कराया जा सके। वहीं बैंकों द्वारा स्वीकृत किंतु अब तक वितरित नहीं किए गए ऋण प्रकरणों का भी प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराया जाएगा।

 

नए ऋण आवेदनों के त्वरित परीक्षण एवं स्वीकृति के लिए बैंकों के साथ समन्वय किया जाएगा। बैंक स्तर पर लंबित तथा नगरीय निकाय स्तर पर ‘Returned by Bank’ श्रेणी में लंबित आवेदनों का निराकरण कर पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के प्रयास किए जाएंगे। पात्र पथ विक्रेताओं को पुनर्गठित योजना के अंतर्गत बढ़ी हुई ऋण सीमा का लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।

 

डिजिटल सशक्तिकरण पर विशेष फोकस

 

अभियान के दौरान डिजिटल रूप से निष्क्रिय पथ विक्रेताओं को UPI/QR Code के माध्यम से डिजिटल ऑनबोर्डिंग कराया जाएगा। हितग्राहियों के मोबाइल फोन में PM SVANidhi Mobile App इंस्टॉल कराकर उसके उपयोग की जानकारी दी जाएगी तथा डिजिटल भुगतान, सुरक्षित डिजिटल लेन-देन एवं साइबर सुरक्षा के संबंध में जागरूक किया जाएगा।

 

Digital Payment Aggregators एवं बैंकों के सहयोग से हितग्राहियों को डिजिटल भुगतान की प्रक्रिया एवं सुरक्षित लेन-देन की जानकारी दी जाएगी। सफलतापूर्वक द्वितीय ऋण का भुगतान कर चुके पात्र पथ विक्रेताओं को क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन करने हेतु भी प्रोत्साहित किया जाएगा तथा मेले के दौरान पात्र हितग्राहियों को आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

 

अभियान चलाकर जोड़े जाएंगे नए पथ विक्रेता

 

लोक कल्याण मेले के माध्यम से नए पथ विक्रेताओं तक व्यापक स्तर पर पहुंच बनाकर उन्हें PM SVANidhi योजना से जोड़ने के लिए मोबिलाइजेशन एवं जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। पात्र हितग्राहियों को योजना की ऋण सुविधा एवं अन्य लाभों की जानकारी देकर आवेदन के लिए प्रेरित किया जाएगा।

 

खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता का प्रशिक्षण

 

स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के लिए FSSAI के समन्वय से खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे। प्रशिक्षण के माध्यम से विक्रेताओं को सुरक्षित खाद्य पदार्थों के रखरखाव, स्वच्छता एवं बेहतर व्यवसायिक व्यवहार की जानकारी दी जाएगी तथा प्रशिक्षणार्थियों से फीडबैक भी प्राप्त किया जाएगा।

 

कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की पहल

 

अभियान के दौरान PM SVANidhi हितग्राहियों एवं उनके परिवार के सदस्यों की सामाजिक-आर्थिक प्रोफाइलिंग की जाएगी। पात्र हितग्राहियों को विभिन्न केंद्रीय कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा, जिससे योजना का लाभ केवल ऋण सुविधा तक सीमित न रहकर पथ विक्रेताओं एवं उनके परिवारों के समग्र सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बन सके।

 

नगर निगम प्रशासन द्वारा ‘लोक कल्याण मेला’ के दौरान बैंकिंग संस्थाओं एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर पात्र पथ विक्रेताओं को अधिकतम लाभ दिलाने तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button