katniमध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत कटनी को मिली तीन यात्री बसों की सौगात,मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी ने भोपाल से बसों का किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत कटनी को मिली तीन यात्री बसों की सौगात,मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी ने भोपाल से बसों का किया शुभारं

कैमोर,बाकल और सलैया से कटनी के लिए संचालित होंगी बसें, पैनिक बटन और जीपीएस से बढ़ेगी यात्रियों की सुरक्षा*

 

 

कटनी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को बीएचईएल दशहरा मैदान, भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के अंतर्गत कटनी जिले के लिए तीन सार्वजनिक यात्री बसों के संचालन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रदेश के लिए 351 बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत कटनीवासियों को भरोसेमंद, सुरक्षित और सुलभ परिवहन सेवा की सौगात मिली है।

 

 

जिले में इन बसों का संचालन दीनदयाल कटनी सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। इसके बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के अध्यक्ष कलेक्टर श्री आशीष तिवारी तथा मुख्य संचालन अधिकारी श्री योगेश पवार हैं। महापौर एवं निगमायुक्त इसके मैनेजिंग डायरेक्टर हैं।

मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के अंतर्गत शुरू हुई बसों के संचालन को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में परिवहन विभाग द्वारा आवश्यक तैयारियां की गई हैं। इसके अंतर्गत सड़कों पर दौड़ने वाली बसों का संचालन एडवांस तकनीक से प्रशिक्षित ड्राइवरों द्वारा किया जाएगा।

 

बस रूट प्लान

 

 

मुख्य संचालन अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के अंतर्गत जिले में तीन बसों का संचालन निर्धारित मार्गों पर किया जाएगा। इन नई तकनीक वाली बसों में से एक बस कैमोर से कटनी तक करीब 42 किलोमीटर लंबे मार्ग पर विजयराघवगढ़, देवरा और कन्हवारा होते हुए संचालित की जाएगी।

इसी तरह एक बस बाकल से कटनी मार्ग पर पटना, सलैया, रीठी, मगरधा, इमलिया और खरखरी होते हुए चलेगी।

इसके अलावा एक बस सलैया से कटनी मार्ग पर संचालित होगी। यह बस सलैया, पाली, लालपुर, रीठी, मोहास, मगरधा, इमलिया और खरखरी होते हुए कटनी पहुंचेगी।

इन बस सेवाओं के संचालन से जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों के नागरिकों को जिला मुख्यालय तक आवागमन की सुविधा मिलेगी। इससे नागरिकों को अपने दैनिक कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन में सुविधा होगी।

 

 

पैनिक बटन और जीपीएस से बढ़ेगी सुरक्षा

 

 

 

मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा में यात्रियों की सुरक्षा और बसों की निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा। बसों में पैनिक बटन और जीपीएस की सुविधा उपलब्ध है। जीपीएस के माध्यम से बसों की लाइव लोकेशन की निगरानी की जा सकेगी।

वहीं आपात स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा के लिए पैनिक बटन महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में काम करेगा। इन तकनीकी सुविधाओं के माध्यम से बस संचालन की निगरानी के साथ यात्रियों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी गई है।

 

 

कटनी जिले में शुरू की जा रही तीन बस सेवाएं ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बीच परिवहन संपर्क को मजबूत करेंगी।

इन बसों के संचालन से नागरिकों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा उपलब्ध होने के साथ जिले में इंटरसिटी और इंट्रासिटी कनेक्टिविटी को भी बढ़ावा मिलेगा।

Back to top button