नर्सिंग छात्रों की समस्याओं से मंत्री राजेंद्र शुक्ल को कराया अवगत परीक्षा परिणाम शीघ्र जारी करने के निर्देश, छात्रों ने जताया आभार

नर्सिंग छात्रों की समस्याओं से मंत्री राजेंद्र शुक्ल को कराया अवगत
परीक्षा परिणाम शीघ्र जारी करने के निर्देश, छात्रों ने जताया आभा
कटनी। शुक्रवार सुबह अरिन्दम होटल, कटनी में परिवार कल्याण एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के आगमन पर जिले के चिकित्सा एवं नर्सिंग शिक्षा क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों तथा नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने उनका स्वागत कर मुलाकात की। इस दौरान एमजीएम कॉलेज/स्कूल ऑफ नर्सिंग, श्री साईंनाथ कॉलेज एवं विजडम नर्सिंग कॉलेज, कटनी के पदाधिकारियों ने विभिन्न शैक्षणिक समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया।
नर्सिंग कॉलेज प्रबंधक देवेंद्र संजय तिवारी ने नर्सिंग छात्र-छात्राओं के परीक्षा परिणाम लंबे समय से लंबित रहने तथा समय पर परीक्षाएं आयोजित नहीं होने की समस्या मंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि परीक्षा परिणाम में देरी के कारण विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई एवं शैक्षणिक प्रक्रिया में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा परिणाम शीघ्र घोषित करने के निर्देश दिए। इसके बाद कुछ छात्र-छात्राओं के लंबित परीक्षा परिणाम घोषित किए गए। इस पर कॉलेज प्रबंधन एवं विद्यार्थियों ने मंत्री का आभार व्यक्त किया।
मंत्री ने नर्सिंग छात्र-छात्राओं से कहा कि अध्यापन एवं अध्ययन में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने नर्सिंग शिक्षा से जुड़ी अन्य समस्याओं के भी शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर डॉ. राज सिंह, देवेंद्र संजय तिवारी, दीपक माथुर, अरसद अली सहित नर्सिंग कॉलेजों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।








