Site icon Yashbharat.com

आकाशीय बिजली गिरने से किसान की मौत, दो महिलाएं घायल

IMG 20250615 WA0165

आकाशीय बिजली गिरने से किसान की मौत, दो महिलाएं घायल

कटनी: कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत इमलिया गांव में आज दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका प्राथमिक उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 55 वर्षीय रामजी सिंह रघुवंशी पुत्र सुंदर सिंह रघुवंशी, निवासी ग्राम इमलिया, थाना बड़वारा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रामजी सिंह अपनी बकरियां चराने के लिए पास के खेत में गए हुए थे, तभी अचानक आसमान से बिजली गिरी और वह उसकी चपेट में आ गए। बिजली का झटका इतना जोरदार था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्भाग्यपूर्ण घटना में, पास की एक झोपड़ी में खड़ी दो महिलाएं भी बिजली की चपेट में आ गईं। घायलों में 27 वर्षीय अर्चना पति राजू राम और 25 वर्षीय राधा पति सागर कशे शामिल हैं। घटना के तुरंत बाद, स्थानीय ग्रामीणों ने दोनों घायल महिलाओं को बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बड़वारा थाना प्रभारी के.के. पटेल ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इमलिया गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हुई है और दो अन्य महिलाएं घायल हुई हैं, जिनका उपचार जारी है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर मर्ग कायम कर लिया है और मामले की विवेचना की जा रही है।

Exit mobile version