रीठी स्कूल में हुई चोरी का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद

कटनी। रीठी थाना अंतर्गत स्थित शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विघालय में हुई चोरी का पर्दाफाश करने में सफलता मिली है। चोरी के इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी किया गया सामान बरामद किया है। गौरतलब है कि विघालय में बीती 28 मई को अज्ञात बदमाशों ने धावा बोलकर अंदर से डेस्कटॉप, प्रिंटर, साउंड बॉक्स, की बोर्ड, सीपीयू, एवं फर्नीचर चोरी कर चंपत हो गए थे। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के विरूद्ध मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की थी। पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया के दिशा निर्देश व उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय उमराव सिंह के मार्गदर्शन में रीठी थाना प्रभारी राखी पाण्डेय ने अपने हमराह स्टाफ के साथ आरोपियों की पतासाजी शुरू की। जिसमें पुलिस को सफलता मिल गई और पुलिस ने संदेह के आधार पर ग्राम ममार निवासी 19 वर्षीय सचिन उर्फ सीताराम पिता लालाराम पटेल एवं 19 वर्षीय सोनू पिता संतोष पटेल से पूछताछ की तो दोनों ने विघालय में लोहे की सब्बल से कमरों का दरवाजा तोड़कर सामान चोरी करना स्वीकार कर लिया। जिसके बाद पुलिस ने दोनों के घरों में दबिश देकर चोरी का सामान बरामद किया। आरोपियों को गिरफ्तार करने में उपनिरीक्षक दिनेश सिंह चौहान, आर पी रावत, सहायक उपनिरीक्षक सुशील प्रजापति, प्रधान आरक्षक भोला गुप्ता, प्रधान आरक्षक अजय मेहरा, ओम शुक्ला, आरक्षक शमशेर, राजेश, विजय, अमन शहंशाह, ज्ञानेंद्र जफर की भूमिका रही।

 

Exit mobile version