बैंक के बाहर खड़ी स्कूटी की डिक्की से ढाई लाख नगद पार, बड़वारा के विलायतकला में वारदात

कटनी(YASHBHARAT.COM)। बड़वारा थाना अंतर्गत ग्राम विलायतकला स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा के बाहर खड़ी खातेदार की स्कूटी की डिक्की से ढाई लाख रूपए नगद चोरी जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीडि़त खातेदार की शिकायत पर अज्ञात चोरों के विरूद्ध मामला दर्ज करते हुए उनकी तलाश शुरू कर दी है। घटना के संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम गुड़ाकला निवासी राधा पिता लेखराम विश्वकर्मा बीती 1 जून की दोपहर साढ़े तीन बजे के लगभग ग्राम विलायतकला स्थित भारतीय स्टेट बैेंक की शाखा आया था। इस दौरान उसने अपनी स्कूटी बैंक के बाहर पार्क कर दी, स्कूटी की डिक्की में ढाई लाख रूपए नगद रखे हुए थे। बताया जाता है कि इसी बीच अज्ञात बदमाशों ने उसकी स्कूटी की डिक्की में रखे ढाई लाख रूपए पार कर दिए। घटना की जानकारी लगते ही राधा ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने राधा की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के विरूद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज करते हुए उनकी तलाश शुरू कर दी है। बदमाशों की तलाश में पुलिस के द्धारा बैंक परिसर सहित आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। हालांकि अब तक आरोपियों के संबंध में कोई भी सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं।








