Latest

बैतूल हाईवे पर यूरिया से भरे ट्रक ने मजदूरों से भरी पिकअप को मारी टक्कर, 3 महिलाओं समेत 5 की मौत, 18 घायल

टेमनी खुर्द के पास सुबह 9:30 बजे मची चीख-पुकार; पिकअप के उड़े परखच्चे, 16 गंभीर घायल जिला अस्पताल के ICU में शिफ्ट

छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा-बैतूल नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और भीषण सड़क हादसा हो गया। हाईवे पर स्थित टेमनी खुर्द के पास मजदूरों से भरी एक पिकअप गाड़ी को पीछे से आ रहे यूरिया से लदे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार मजदूर सड़क पर दूर जा गिरे।

इस दुखद हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 5 हो गई है, जिनमें 3 महिलाएं शामिल हैं। वहीं, करीब 18 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कई की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

मजदूरों को लेने खड़ी थी पिकअप, पीछे से काल बनकर आया ट्रक

मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 9:30 बजे हुआ। पिकअप वाहन सड़क किनारे मजदूरों को बैठाने के लिए खड़ा हुआ था। उसमें करीब 20 से 25 मजदूर सवार थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे यूरिया से भरे एक तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए अपनी गाड़ियों से घायलों को अस्पताल पहुंचाना शुरू किया।

प्रशासनिक अमला मौके पर, जिला अस्पताल पहुंचे ADM

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला तुरंत मौके पर पहुंचा और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से तुरंत जिला अस्पताल लाया गया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए एडीएम (ADM) धीरेंद्र सिंह भी जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

घायलों की स्थिति पर डॉक्टरों का अपडेट: अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, 16 गंभीर घायलों को तत्काल आईसीयू (ICU) में शिफ्ट किया गया है। इनमें से 5 लोगों की हड्डियां टूटी हैं, जबकि अन्य मजदूरों के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।

फिलहाल, पुलिस और प्रशासन द्वारा मृतकों और घायलों की आधिकारिक सूची व संख्या की अंतिम पुष्टि की जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Back to top button