Site icon YASHBHARAT.COM

पड़ोसियों की कथित प्रताड़ना से परेशान विधवा मां और बेटियों ने एसपी से मांगी सुरक्षा,घर के सामने कचरा फेंकने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप; मुड़वारा फुटब्रिज मार्ग पर युवती का गला पकड़ने की घटना का भी किया उल्लेख

IMG 20261123 WA0066

पड़ोसियों की कथित प्रताड़ना से परेशान विधवा मां और बेटियों ने एसपी से मांगी सुरक्षा,घर के सामने कचरा फेंकने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप; मुड़वारा फुटब्रिज मार्ग पर युवती का गला पकड़ने की घटना का भी किया उल्लेख

 

कटनी। शहर के मदन मोहन चौबे वार्ड के भट्ठा मोहल्ले में रहने वाला एक विधवा महिला का परिवार कथित तौर पर पड़ोसियों की प्रताड़ना से परेशान है। आए दिन होने वाले विवाद, गाली-गलौज, मारपीट की धमकी और घर के सामने कचरा व जूठन फेंकने से भयभीत परिवार की दो महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपकर सुरक्षा और संरक्षण की गुहार लगाई है। शिकायत में एक युवती के साथ रास्ते में हुई कथित हमले की घटना का भी उल्लेख किया गया है।

पुलिस अधीक्षक को दिए गए आवेदन के अनुसार, सुशीला बाई सोंधिया विधवा हैं और अस्वस्थता के कारण अधिकांश समय घर पर ही रहती हैं। वह अपनी तीन बेटियों और एक बेटे के साथ भट्ठा मोहल्ले में निवास करती हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण के समय से ही पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों द्वारा उन्हें परेशान किया जा रहा है। आरोप है कि उनके घर के सामने जूठन और कचरा फेंका जाता है। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर आमादा हो जाते हैं। इतना ही नहीं, परिवार को झूठे मामलों में फंसाने और जान से मारने की धमकियां भी दी जाती हैं।

बेटियों की सुरक्षा को लेकर परिवार चिंतित

शिकायत में बताया गया है कि परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण तीनों बेटियां निजी काम करती हैं और उन्हें रोजी-रोटी के लिए घर से बाहर जाना पड़ता है। कई बार काम से लौटने में देर हो जाती है। ऐसे में मां को बेटियों की सुरक्षा को लेकर हमेशा चिंता बनी रहती है। परिवार ने आरोप लगाया है कि पड़ोस के कुछ लोग उन पर मकान छोड़कर मोहल्ले से चले जाने का दबाव बना रहे हैं। शिकायत में मकान और संपत्ति पर कब्जा करने की आशंका भी जताई गई है।

मुड़वारा फुटब्रिज के रास्ते में युवती पर हमले का आरोप

आवेदन में करीब एक माह पहले हुई एक गंभीर घटना का भी जिक्र किया गया है। शिकायत के मुताबिक, रीना सोंधिया काम से वापस घर लौट रही थीं। इसी दौरान मुड़वारा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म के बाजू से फुटब्रिज की ओर जाने वाले रास्ते पर मुंह पर कपड़ा बांधे एक अज्ञात व्यक्ति ने पीछे से उनका गला पकड़ लिया और मुंह दबाने का प्रयास किया। युवती किसी तरह खुद को छुड़ाकर वहां से भागने में सफल रही। घर पहुंचने के बाद उसने अपनी मां को पूरी घटना बताई।

परिवार का कहना है कि इससे पहले भी युवती के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी को लेकर शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से उनकी परेशानी और भय बढ़ गया है।

मोहल्ले में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग

परिवार ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। इसके अलावा मोहल्ले के तिराहे पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने का अनुरोध भी किया गया है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और भविष्य में किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना शेष है। परिवार ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई करने और उन्हें भयमुक्त वातावरण में रहने के लिए सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।

Exit mobile version