katniमध्यप्रदेश

शासकीय कन्या महाविद्यालय में बनी तिरंगा मानव श्रृंखला, छात्राओं ने दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश

शासकीय कन्या महाविद्यालय में बनी तिरंगा मानव श्रृंखला, छात्राओं ने दिया राष्ट्रभक्ति का संदे

 

कटनी। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन में ‘तिरंगा मानव श्रृंखला’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश की एकता-अखंडता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर मानव श्रृंखला बनाई तथा सामूहिक रूप से देशभक्ति गीतों का गायन किया। इससे महाविद्यालय परिसर देशभक्ति के उत्साह से सराबोर हो गया। छात्राओं ने राष्ट्रध्वज का सम्मान करने तथा देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहने का संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने तिरंगे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि केसरिया रंग साहस, त्याग एवं वीरता, सफेद रंग शांति एवं सत्य तथा हरा रंग समृद्धि, हरियाली एवं विकास का प्रतीक है। अशोक चक्र देश की प्रगति, निरंतर गतिशीलता और महान आदर्शों का प्रतिनिधित्व करता है।

उन्होंने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र वातावरण में गर्व के साथ तिरंगा लहराते हैं, उसके पीछे असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सपूतों का त्याग एवं बलिदान है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में अपना योगदान दे।

कार्यक्रम की संयोजक श्रीमती रश्मि सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है। प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने छात्राओं से स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

‘तिरंगा मानव श्रृंखला’ कार्यक्रम ने छात्राओं में राष्ट्रीय चेतना, अनुशासन, एकता और देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता, गौरव, एकता और करोड़ों देशवासियों की भावनाओं का प्रतीक है। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं समर्पण की भावना के साथ हुआ।

Back to top button