Transfer: यूपी पुलिस महकमे में बड़ी सर्जरी- 28 IPS इधर से उधर, प्रयागराज से गाजियाबाद तक बदले कप्तान
उत्तर प्रदेश शासन ने पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर तबादले करते हुए 28 आईपीएस अधिकारियों को नई तैनाती दी है। इस फेरबदल में पुलिस कमिश्नर, एडीजी, डीआईजी, एसएसपी और एसपी स्तर के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं।
प्रमुख पुलिस कमिश्नर और जोनल/परिक्षेत्रीय बदलाव
पुलिस कमिश्नरेट: मोहित अग्रवाल को वाराणसी से प्रयागराज का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है, जबकि प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया को एडीजी स्थापना, उत्तर प्रदेश (लखनऊ) की जिम्मेदारी दी गई है। लक्ष्मी सिंह को गौतमबुद्धनगर से गाजियाबाद का पुलिस कमिश्नर और जे. रविन्दर गौड़ को गाजियाबाद से हटाकर गौतमबुद्धनगर का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। किरण एस. को लखनऊ परिक्षेत्र के आईजी से वाराणसी का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है।
एडीजी स्तर: रमित शर्मा को एडीजी बरेली जोन से एडीजी लखनऊ जोन और प्रवीण कुमार को एडीजी लखनऊ जोन से एडीजी बरेली जोन भेजा गया है।
डीआईजी स्तर: प्रभाकर चौधरी को अलीगढ़ परिक्षेत्र से लखनऊ परिक्षेत्र, अभिषेक सिंह को सहारनपुर से आगरा परिक्षेत्र, शैलेश कुमार पांडेय को आगरा से अलीगढ़ परिक्षेत्र और आशीष तिवारी को तकनीकी सेवाओं से सहारनपुर परिक्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिले और अन्य अहम तैनातियां
जिलों के कप्तान: डॉ. गौरव ग्रोवर को अयोध्या के एसएसपी पद से हटाकर मुरादाबाद का एसएसपी बनाया गया है, जबकि मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल को अयोध्या की जिम्मेदारी दी गई है।
एसपी और डीसीपी स्तर: आकाश तोमर को डॉ. बीआर आंबेडकर पुलिस अकादमी मुरादाबाद (एसपी), अमित कुमार को ईओडब्ल्यू लखनऊ (एसपी), नरेंद्र कुमार सिंह को पीटीसी सीतापुर, डॉ. अनिल कुमार पांडेय को कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं लखनऊ और त्रिभुवन सिंह को जीआरपी मुख्यालय लखनऊ में एसपी बनाया गया है। सुशील कुमार शुक्ला को पीटीएस गोरखपुर और अजीत कुमार सिन्हा को यूपी पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड लखनऊ में एसपी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा दिनेश त्रिपाठी को प्रयागराज कमिश्नरेट में डीसीपी, कुलदीप सिंह गुनावत को कानपुर नगर कमिश्नरेट में डीसीपी और प्रीति यादव को 15वीं वाहिनी पीएसी आगरा का सेनानायक बनाया गया है।
तीन अधिकारियों का तबादला निरस्त
शासन ने तीन आईपीएस अधिकारियों के पुराने तबादले निरस्त करते हुए नई तैनाती दी है। इसके तहत पुनीत द्विवेदी को अपर पुलिस उपायुक्त गाजियाबाद, नीतू को वाराणसी से अपर पुलिस उपायुक्त लखनऊ और अमित कुमावत को लखनऊ से अपर पुलिस उपायुक्त आगरा बनाया गया है।













