ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश होकर गंगा किनारे गिरा, 1 पायलट की मौत, दूसरा गंभीर
उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार दोपहर एक बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया। यहां उड़ान भर रहा एक ट्विन इंजन ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट अचानक हादसे का शिकार होकर गंगा किनारे नत्था पुरवा गांव के पास तेज धमाके के साथ जमीन पर आ गिरा। विमान गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण दहशत में घरों से बाहर निकल आए।
एक पायलट की मौके पर मौत, दूसरा अस्पताल में भर्ती
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस ट्विन इंजन विमान में दो पायलट सवार थे।
-
एक पायलट की मौत: हादसे के बाद एक पायलट ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
-
दूसरा पायलट गंभीर: मलबे से दूसरे पायलट को बेहद गंभीर हालत में बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल भेजा गया है।
-
विमान के उड़े परखच्चे: क्रैश के बाद विमान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है और घटनास्थल पर चारों तरफ मलबा फैला हुआ है।
धमाके के साथ गिरा विमान, जांच शुरू
प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, उड़ान के दौरान अचानक विमान में जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद वह अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और पूरे इलाके की घेराबंदी कर ग्रामीणों को मलबे से दूर किया। हादसा किसी तकनीकी खराबी से हुआ या कोई अन्य वजह थी, पुलिस और संबंधित एजेंसियां इन सभी बिंदुओं पर गहन जांच कर रही हैं।








