व्हाट्सएप पर शादी का कार्ड भेजकर फल कारोबारी से सवा दो लाख की ठगी, ठग इस्तेमाल कर रहे नया हथकंडा
व्हाट्सएप पर शादी का कार्ड भेजकर फल कारोबारी से सवा दो लाख की ठगी, ठग इस्तेमाल कर रहे नया हथकंड
कटनी(YASHBHARAT.COM)। व्हाट्सएप पर शादी का डिजिटल कार्ड भेजकर बैंक खाते खाली करने का एक नया और खतरनाक साइबर फ्राड तेजी से फैल रहा है। ठग शादी के सीजन का फायदा उठाकर लोगों को भावनात्मक रूप से फंसाते हैं। जालसाज व्हाट्सएप पर शादी का फर्जी कार्ड भेजकर एपीके फाइल के सहारे मोबाइल हैक कर लेते हैं। इसके बाद खाते की रकम पार कर दे रहे हैं। कोतवाली क्षेत्र में इस तरह का एक मामला प्रकाश में आया है। सावरकर वार्ड नईबस्ती निवासी फल कारोबारी सोनू गुप्ता को व्हाट्सएप पर शादी का कार्ड भेजकर बैंक खाते से 2 लाख 27 हजार रूपए साइबर ठगों ने पार कर दिए। खाते से पैसे निकलने के बाद फल कारोबारी सोनू गुप्ता ने इसकी शिकायत बैंक ऑफ बड़ोदा और पुलिस से की लेकिन अब तक उसकी शिकायत पर बैंक व पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। हालांकि ऐसे मामलों में साइबर ठगों तक पहुंचना काफी मुश्किल होता है। इस मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है, जिससे लोग बचाव कर सकें। बहरहाल शादीयों का सीजन साइबर ठगों के लिए नया मौका बन गया है। जालसाज व्हाट्सएप पर शादी का फर्जी कार्ड भेजकर एपीके फाइल के सहारे मोबाइल हैक कर लेते हैं। इसके बाद खाते की रकम पार कर दे रहे हैं। साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि अगर आपके व्हाट्स एप पर किसी अनजान नंबर से शादी के कार्ड आ रहे हैं तो सतर्क हो जाएं। इन्हें खोलते ही बैंक खाता के खाली होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि एपीके फाइल जैसे मालवेयर की मदद से मोबाइल हैक करके ठगी करने वाला गिरोह मध्य प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान जैसे राज्यों में सक्रिय है। व्हाट्सएप नंबर और फेसबुक पर शादी के कार्ड में छिपाकर मालवेयर मोबाइल में भेज दिए जाते हैं। इसके जरिये शातिर ठगों को मोबाइल का एक्सेस मिल जाता है। उनका कहना है कि किसी भी फाइल में अगर एपीके लिखा है, तब उसे डाउनलोड नहीं करना चाहिए। ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करके शिकायत दर्ज कराएं। जल्द शिकायत दर्ज होने पर खाते से निकली रकम होल्ड करा दी जाती है। इससे रकम वापस मिलने की गुजांइश अधिक होती है। साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि जागरुकता ही साइबर ठगी से बचने का सबसे बड़ा उपाय है। पुलिस की ओर से लोगों को लगातार सतर्क किया जाता है।
ठगी का शिकार होने से ऐसे बचे
-व्हाट्सएप के जरिये आई किसी भी एपीके फाइल को डाउनलोड न करें।
-भेजी गई फाइल में अगर एपीके, पीआईएफ, वीबीएस फाइल लिखा हो तो उसे कतई न खोलें।
-अपने फोन में एंटी मालवेयर, साफ्टवेयर सेटिंग लागू करें, इससे फोन में मालवेयर साफ्टवेयर डाउनलोड नहीं होगा।
ठगी होने पर तुरंत करें ये प्रयास
-पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर।
-नजदीकी पुलिस थाना अथवा पुलिस लाइन स्थित साइबर थाना में संपर्क करें।
-टोल फ्री नंबर 1930 पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।

