जेल में दाखिले से पहले पुलिस को चकमा देकर भागे तीन आरोपी, एक पकड़ाया, दो की तलाश जारी जिला जेल कटनी के मुख्य द्वार के सामने हुई घटना से पुलिस महकमे में मचा हड़कंप, फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश
कटनी। जिले में एक के बाद एक सामने आ रही घटनाओं ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। करोड़ों रुपये की किसना ज्वेलर्स चोरी का मामला अभी सुलझ भी नहीं पाया था कि शुक्रवार देर शाम पुलिस अभिरक्षा से तीन आरोपियों के फरार होने की घटना ने महकमे में खलबली मचा दी। बहोरीबंद थाने से जिला जेल कटनी में दाखिल कराने लाए गए तीन आरोपी जेल के मुख्य द्वार के सामने से ही पुलिस को चकमा देकर भाग निकले। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों के बीच हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बहोरीबंद पुलिस शुक्रवार देर शाम प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत धारा 151 में गिरफ्तार तीन आरोपियों राकेश, रंजीत और अभिषेक को जिला जेल कटनी लेकर पहुंची थी। पुलिस टीम तीनों को जेल में दाखिल कराने की प्रक्रिया पूरी कर पाती, इससे पहले ही तीनों ने मौका पाकर पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास किया और जेल गेट के सामने से फरार हो गए।

