रिटायरमेंट के बाद किस्तों में PF निकासी पर नहीं लगेगा टैक्स, बची राशि पर जारी रहेगा ब्याज: EPFO प्रमुख
नई दिल्ली। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के प्रमुख और सेंट्रल प्रोविडेंट फंड कमिश्नर रमेश कृष्णमूर्ति ने कहा है कि रिटायरमेंट के बाद पीएफ खाते से किस्तों में निकाली जाने वाली राशि पर कोई टैक्स नहीं लगेगा। साथ ही, खाते में बची हुई रकम पर वही ब्याज मिलता रहेगा जो बाकी सदस्यों को पीएफ पर दिया जाता है। उन्होंने बताया कि सिस्टेमैटिक विड्रॉल प्लान (SWP) लागू करने के लिए ईपीएफ प्रावधानों के साथ-साथ आयकर कानून में भी आवश्यक संशोधन करने होंगे, जिसका प्रस्ताव ईपीएफओ ने श्रम मंत्रालय को भेज दिया है।
1 अप्रैल से लागू होने की उम्मीद, PF नियमों में हुए ये अहम बदलाव श्रम मंत्रालय आयकर कानून में संशोधन के प्रस्ताव पर वित्त मंत्रालय के साथ चर्चा कर रहा है और इसके बजट पारित होने के बाद 1 अप्रैल से लागू होने की उम्मीद जताई गई है। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में केंद्रीय न्यासी बोर्ड (CBT) की 240वीं बैठक में लिए गए फैसलों से जुड़ी प्रमुख बातें:
-
किस्तों में निकासी का विकल्प: रिटायर होने वाले सदस्य एकमुश्त रकम निकालने के बजाय मासिक, तिमाही या छमाही किस्तों में राशि निकाल सकेंगे।
-
शुरुआती लाभार्थी: पहले चरण में 55 वर्ष से अधिक आयु के उन लगभग 6.32 लाख सदस्यों को लाभ मिलने की उम्मीद है, जिनके पीएफ खातों में 5 लाख रुपये से अधिक जमा हैं।
-
अन्य नियम बदलाव: अनिवार्य न्यूनतम जमा सीमा 25 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत और पूर्ण निकासी का वेटिंग पीरियड 12 महीने से घटाकर 2 महीने किया गया है।
नॉमिनी का अधिकार और उदाहरण से समझें गणना कृष्णमूर्ति ने पीटीआई से बातचीत में बताया कि सदस्य के निधन की स्थिति में नॉमिनी को पैसा मिलेगा और वे चाहें तो पूरी राशि या मासिक, तिमाही, छमाही व सालाना किस्तों में रकम ले सकते हैं, जबकि बची राशि फंड में जुड़कर ब्याज अर्जित करती रहेगी। उन्होंने 10 लाख रुपये के फंड और 8.25 प्रतिशत ब्याज (सालाना 82,500 रुपये या करीब 7,000 रुपये मासिक) का उदाहरण देते हुए कहा कि यदि कोई हर महीने 7,000 रुपये निकालता है तो मूल फंड सुरक्षित रहेगा, और यदि हर महीने 5,000 रुपये ही निकालता है तो सालाना ब्याज में से 22,500 रुपये फंड में जुड़ जाएंगे, जिससे अगले वर्ष अधिक ब्याज मिलेगा।

