शहर में पार्किंग के लिए जगह नहीं, कोतवाली थाने का परिसर बैरिकेडिंग लगाकर बंद! त्योहारों की भीड़ में आम जनता आखिर कहां खड़े करे वाहन?
देशभक्ति और जनसेवा का संकल्प लेकर काम करने वाली पुलिस की व्यवस्था पर उठे सवाल, खाली पड़े थाना परिसर का उपयोग आम नागरिकों के लिए क्यों नहीं?
कटनी (YASHBHARAT.COM)। शहर में पार्किंग की समस्या दिनोंदिन गंभीर होती जा रही है। बाजारों और प्रमुख मार्गों पर खरीदारी करने आने वाले नागरिकों को अपने दोपहिया और चारपहिया वाहन खड़े करने के लिए जगह तलाशनी पड़ती है। त्योहारों के दौरान जब बाजारों में भीड़ कई गुना बढ़ जाती है, तब यह समस्या और विकराल रूप ले लेती है। ऐसे में शहर के बीचोंबीच स्थित कोतवाली थाना परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार पर बैरिकेडिंग लगाकर रास्ता बंद रखने की व्यवस्था लोगों के बीच चर्चा और सवालों का विषय बन गई है।
हैरानी की बात यह है कि एक ओर शहरवासी पार्किंग के लिए परेशान हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कोतवाली थाना परिसर के प्रवेश द्वार पर बैरिकेडिंग लगाकर आम वाहनों का प्रवेश रोक दिया गया है। परिसर के भीतर पर्याप्त स्थान दिखाई देने के बावजूद इसका उपयोग पार्किंग के लिए नहीं हो पा रहा है। त्योहारों के दौरान जब बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है, तब पुलिस और प्रशासन की इस व्यवस्था को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।
जनता की सुविधा के लिए क्या नहीं हो सकता वैकल्पिक इंतजाम?
पुलिस का ध्येय वाक्य ‘देशभक्ति जनसेवा’ है। ऐसे में सवाल यह है कि क्या जनसेवा का अर्थ केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही है या फिर आम नागरिकों की परेशानियों को समझकर उनके समाधान की दिशा में पहल करना भी इसकी जिम्मेदारी है? यदि थाना परिसर की सुरक्षा और विभागीय कार्यों के कारण बैरिकेडिंग जरूरी है तो क्या त्योहारों के दौरान आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कोई वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था नहीं बनाई जा सकती?

