Site icon Yashbharat.com

मित्तल नगर में 20 लाख की चोरी का अब तक खुलासा नहीं, 20 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली,तीन संदिग्ध चोर कैमरे में कैद होने की जानकारी, दोबारा कॉलोनी में दिखने से दहशत में रहवासी

IMG 20261104 WA0067

 

मित्तल नगर में 20 लाख की चोरी का अब तक खुलासा नहीं, 20 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली,तीन संदिग्ध चोर कैमरे में कैद होने की जानकारी, दोबारा कॉलोनी में दिखने से दहशत में रहवास

कटनी। कुठला थाना क्षेत्र के मित्तल नगर में करीब 20 लाख रुपये की बड़ी चोरी की वारदात का 20 दिन बाद भी खुलासा नहीं हो सका है। घटना में शामिल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। हैरानी की बात यह है कि चोरी की वारदात में तीन लोगों के शामिल होने और उनके कैमरे में कैद होने की जानकारी सामने आई थी, इसके बावजूद पुलिस अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है।

जानकारी के अनुसार मित्तल नगर स्थित मकान नंबर 127 में रहने वाले रोहित गुप्ता के सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया था। 18 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे हुई इस वारदात में चोर लगभग 9 तोला सोने और 2 किलो चांदी के आभूषणों सहित अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।

घटना के समय घर पर ताला लगा हुआ था। रोहित गुप्ता की माता अष्टमी के अवसर पर दुर्गा दर्शन के लिए गई हुई थीं। इसी दौरान तीन चोर घर में दाखिल हुए और कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। घर लौटने पर चोरी की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मामले में कुठला थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। पीड़ित ने चोरी गए आभूषणों के बिल भी पुलिस को सौंपे हैं। वहीं, घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने जांच कर साक्ष्य जुटाए थे।

इस मामले में एक और चौंकाने वाला घटनाक्रम 21 अक्टूबर को सामने आया, जब कॉलोनी के कुछ लोगों ने तीन संदिग्ध व्यक्तियों को दोबारा क्षेत्र में घूमते देखा। स्थानीय लोगों ने उन्हें वहां से खदेड़ दिया। इस घटना के बाद से कॉलोनी के रहवासियों में भय और असुरक्षा का माहौल है।

करीब 20 दिन बीत जाने के बावजूद चोरी का खुलासा नहीं होना और संदिग्धों का दोबारा क्षेत्र में दिखाई देना पुलिस की जांच पर सवाल खड़े कर रहा है। कॉलोनीवासियों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करेगी और चोरी गया सामान बरामद करेगी।

Exit mobile version