युवाओं में देशसेवा का जज़्बा,एनसीसी कैम्प में गूंजी फायरिंग की गर्जन
कटनी। देश की सुरक्षा और सेवा के प्रति युवाओं में समर्पण की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से कटनी के प्रतिष्ठित केडीसी सिलिकॉबाइट कटनी डिग्री कॉलेज में एनसीसी एमपी 32 बटालियन का दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण शिविर कर्नल राजवेलु एवं लेफ्टिनेंट कर्नल विनोद सिंह के कुशल निर्देशन में संचालित हो रहा है। इस शिविर में जिले सहित अन्य स्थानों से आए कुल 539 एनसीसी बॉयज और गर्ल्स कैडेट्स उत्साहपूर्वक भाग लेकर सैन्य अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र सेवा के मूल्यों को आत्मसात कर रहे हैं। इसी क्रम में सैनिक ग्राउंड में शाम 4:30 बजे से 5 बजे तक फायरिंग का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया। कैडेट्स ने पूरे जोश और अनुशासन के साथ हथियार संचालन की बारीकियों को समझा और सटीक निशानेबाजी का प्रदर्शन किया। यह अभ्यास कैडेट्स की तकनीकी दक्षता को बढ़ाने वाला रहा, बल्कि उनमें आत्मविश्वास और साहस का संचार भी करता है।
शिविर के दौरान कैडेट्स को शारीरिक प्रशिक्षण, ड्रिल, आपदा प्रबंधन, प्राथमिक चिकित्सा एवं सैन्य जीवनशैली से जुड़े विभिन्न पहलुओं की भी जानकारी दी जा रही है, जिससे वे भविष्य में देश की रक्षा के लिए तैयार हो सकें। ऐसे प्रशिक्षण शिविर युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करते हैं। एनसीसी के माध्यम से तैयार हो रही यह नई पीढ़ी न केवल देश की सुरक्षा की मजबूत नींव है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की भी प्रेरणा बन रही है।

