Latest

5 गांवों का रास्ता हुआ बंद, लमतरा फाटक पर अंडरब्रिज की मांग बुलंद

कटनी।चाका। ग्राम लमतरा स्थित लमतरा फाटक पर ओवरब्रिज के निर्माण के बाद रेल फाटक को बंद कर दिया गया है, जिससे आसपास के दर्जनों गांवों के हज़ारों ग्रामीणों को रोज़ाना भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। फाटक बंद होने से न तो पैदल राहगीरों के लिए कोई सीढ़ी बनाई गई है, न ही साइकिल या बच्चों के लिए रैम्प की व्यवस्था की गई है।

5 गांवों का रास्ता हुआ बंद, लमतरा फाटक पर अंडरब्रिज की मांग बुलंद

ब्रिज के मध्य में रैम्प या सीढ़ियों का निर्माण नहीं किया गया

स्थानीय निवासी और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि ओवरब्रिज निर्माण के समय ब्रिज के मध्य में रैम्प या सीढ़ियों का निर्माण नहीं किया गया, जिससे अब ग्रामीणों को ब्रिज के छोर तक आधा किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। यह रास्ता न केवल असुविधाजनक है, बल्कि असुरक्षित भी है।

हादसों की चेतावनी यह फाटक

ग्रामीणों के अनुसार, पिछले एक साल में इस पटरी को पार करते समय दो स्कूली बच्चों और एक ग्रामीण की रेल दुर्घटना में जान जा चुकी है। बावजूद इसके, रेल विभाग द्वारा अवरोधक लगाकर फाटक को पूरी तरह बंद कर दिया गया है।

प्रभावित गांवों में खटखिरवा, पड़रिया, पिलाजी, कन्हवारा और खमतरा शामिल हैं, जहाँ के लोग मजदूरी, स्कूल, सब्जी बिक्री और अन्य आवश्यक कामों के लिए इस फाटक के रास्ते लमतरा इंडस्ट्रियल एरिया की ओर आते-जाते हैं।

स्कूल जाने वाले बच्चों और साइकिल सवारों का जोखिम

छात्रों, साइकिल सवारों और सब्जी विक्रेताओं को रोज़ रेल की पटरी पार करके जोखिम उठाना पड़ता है। गांव पिलाजी और कन्हवारा के कई बच्चे आसपास के शासकीय स्कूलों में पढ़ाई करने जाते हैं, जिन्हें अब अधिक दूरी तय करनी पड़ती है।

पशु दुर्घटनाओं की आशंका

ग्रामीणों ने बताया कि पशुपालक जब अपने पशुओं को चराने छोड़ते हैं, तो अक्सर गोवंश रेल पटरी पार करते समय दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं।

मांग-अंडरपास का निर्माण हो

ग्रामीणों का साफ़ कहना है कि लगवेरा ओवरब्रिज बारिश के समय टूट-फूट का शिकार हो जाता है और पूरी तरह अनुपयोगी साबित हो रहा है। ऐसे में फाटक पर एक सुरक्षित अंडरब्रिज या अंडरपास का निर्माण कराना जरूरी हो गया है।

ग्रामीणों और स्थानीय प्रतिनिधियों ने रेलवे विभाग व प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस समस्या पर ध्यान देते हुए लगतरा फाटक पर अंडरब्रिज/अंडरपास का निर्माण किया जाए, जिससे रोजाना जान जोखिम में डाल रहे ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और मजदूरों को राहत मिल सके।

5 गांवों का रास्ता हुआ बंद, लमतरा फाटक पर अंडरब्रिज की मांग बुलंद

Usha Pamnani

20 वर्षों से डिजिटल एवं प्रिंट मीडिया की पत्रकारिता में देश-विदेश, फ़िल्म, खेल सहित सामाजिक खबरों की एक्सपर्ट, वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में वरिष्ठ जिला प्रतिनिधि