लाल पहाड़ी पर गूंजा हरियाली का संकल्प, विजन समूह के युवाओं ने किया पौधारोपण,नगर निगम के वृहद अभियान में युवाओं की सहभागिता, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

लाल पहाड़ी पर गूंजा हरियाली का संकल्प, विजन समूह के युवाओं ने किया पौधारोपण,नगर निगम के वृहद अभियान में युवाओं की सहभागिता, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
कटनी – वर्षा ऋतु में शहर को अधिक हराभरा और पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी द्वारा चलाए जा रहे वृहद पौधारोपण अभियान को नागरिकों का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। इसी क्रम में रविवार को लाल पहाड़ी परिसर में विजन समूह के युवाओं एवं निगम कर्मचारियों ने विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया।
युवाओं ने लिया पौधों के संरक्षण का संकल्प
निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर आशुतोष मानके की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में विजन समूह के सदस्यों ने पौधारोपण के साथ उनकी नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया। इस अवसर पर शिवांक सिंह, अनामिका चक्रवर्ती, हमजा शेख, शहनाज खान, फातिमा बी, ओम तिवारी, काव्या गुप्ता, दीक्षा गुप्ता, यश बेन सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। युवाओं के उत्साह और सहभागिता ने अभियान को जनभागीदारी का सशक्त स्वरूप प्रदान किया।
हरियाली बढ़ेगी, पर्यावरण होगा समृद्ध
नगर निगम द्वारा वर्षा ऋतु के दौरान शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य हरित क्षेत्र का विस्तार, पर्यावरण संरक्षण तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करना है। लाल पहाड़ी में लगाए गए पौधे भविष्य में शहर की हरियाली बढ़ाने के साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
नागरिक इन स्थलों में कर सकेंगे पौधारोपण
शहर में पौधारोपण हेतु लाल पहाड़ी के अतिरिक्त अमकुही जल शोधन संयंत्र, एवं झिंझरी को चिन्हित किया गया है। पौधारोपण हेतु इच्छुक व्यक्ति नगर निगम कार्यालय से संपर्क कर उक्त तीनों स्थलों पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें सकते है।
निगमायुक्त की अपील— पौधा लगाएं, उसका संरक्षण भी करें
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक है, जब लगाए गए पौधों का नियमित संरक्षण और संवर्धन भी किया जाए। पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। यदि हर व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो कटनी को हरित एवं स्वच्छ शहर बनाने का लक्ष्य शीघ्र ही साकार किया जा सकता है।
नगर निगम ने सभी सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, युवाओं एवं आम नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया है, ताकि सामूहिक प्रयासों से “हरित कटनी–स्वच्छ कटनी” का संकल्प साकार हो सके।








