कटनी। रंगनाथ थाना अंतर्गत उपनगरीय क्षेत्र मंगलनगर निवासी रवि शंकर सिंह(बबलू) की आत्महत्या की गुत्थी अब तक पुलिस नहीं सुलझा पाई है जबकि बबलू के पास से न केवल 3 से 4 पन्नों का सुसाइड नोट बरामद होने की बात सामने आ चुकी है बल्कि अब तक उसकी पत्नी के बारे में भी कुछ पता नहीं चल रहा है।
उधर इस मामले को लेकर क्षेत्र में अलग कई तरह की चर्चाओं का बाजार सरगर्म है। चर्चाओं में लोग कह रहे हैं कि पुलिस सुसाइड नोट में उल्लेखित लोगों से सांठगांठ कर पूरे मामले को साधारण आत्महत्या बनाने का प्रयास कर रही जबकि बबलू काफी दिनों से सुसाइड नोट में उल्लेखित लोगों की प्रताड़ना से परेशान था। इसलिए ऐसे लोगों को बख्शा न जाए और उन पर कठोर कार्रवाई की जाए।
परेशान करने वाले लोगों में क्षेत्र के एक भाजपा नेता का नाम भी है जो बबलू के आत्महत्या करने के बाद से गायब है। इसलिए पुलिस को इस पूरे मामले को गंभीरता से लेना चाहिए और गुत्थी सुलझा कर लोगों की शंका को दूर करना चाहिए। गौरतलब तलब है कि 40 वर्षीय रवि शंकर सिंह (बबलू) के द्वारा लगभग एक सप्ताह पूर्व घर पर ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली गई थी।

