Site icon Yashbharat.com

जनता के बीच पहुंचीं महापौर: वार्डों में पैदल भ्रमण कर लिया सफाई व्यवस्था का जायजा,नागरिकों से लिया सीधा फीडबैक,वर्षा ऋतु से पूर्व नाले-नालियों की सफाई के दिए सख्त निर्देश

IMG 20260521 WA0020

जनता के बीच पहुंचीं महापौर: वार्डों में पैदल भ्रमण कर लिया सफाई व्यवस्था का जायजा,नागरिकों से लिया सीधा फीडबैक,वर्षा ऋतु से पूर्व नाले-नालियों की सफाई के दिए सख्त निर्देश

कटनी – आगामी वर्षा ऋतु के दौरान शहर में जलभराव की स्थिति निर्मित न हो तथा नागरिकों को बेहतर स्वच्छता एवं जल निकासी व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके, इस उद्देश्य से महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने गुरुवार सुबह मदन मोहन चौबे वार्ड एवं फॉरेस्टर वार्ड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्र की साफ-सफाई व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

वर्षा ऋतु पूर्व सफाई कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

 

महापौर श्रीमती सूरी ने वार्डों की विभिन्न गलियों में पैदल भ्रमण कर नाले-नालियों की स्थिति का अवलोकन किया तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी वर्षा ऋतु से पूर्व सभी गलियों, नालों एवं नालियों की नियमित एवं प्रभावी सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि बारिश के दौरान किसी भी बस्ती में जलभराव की स्थिति निर्मित न हो। उन्होंने कहा कि जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

 

सफाई एवं जल निकासी कार्यों की प्रगति देखने पुनः पहुंचीं महापौर

 

महापौर श्रीमती सूरी ने विगत दिवस भी उक्त वार्डों में पहुंचकर साफ-सफाई एवं जल निकासी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया था तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए थे। उन्हीं निर्देशों के तारतम्य में गुरुवार सुबह पुनः क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर चल रहे सफाई कार्यों, नाले-नालियों की सफाई एवं व्यवस्थाओं की प्रगति का जायजा लिया, ताकि वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण कराई जा सकें।

 

नागरिकों से लिया फीडबैक, स्वच्छता बनाए रखने की अपील

 

निरीक्षण के दौरान महापौर ने क्षेत्रीय नागरिकों से सीधे संवाद कर सफाई व्यवस्था को लेकर फीडबैक भी लिया। नागरिकों ने कई स्थानों पर नियमित सफाई होने पर संतोष व्यक्त किया, वहीं कुछ स्थानों पर अतिरिक्त सफाई की आवश्यकता भी बताई, जिस पर महापौर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

महापौर श्रीमती सूरी ने नागरिकों से शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि घरों एवं दुकानों का कचरा सड़कों, नालियों एवं सार्वजनिक स्थलों पर न फेंका जाए, बल्कि निर्धारित स्थानों एवं कचरा वाहनों में ही डाला जाए, ताकि स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनी रहे और नालियां अवरुद्ध न हों।

 

स्वच्छ शहर निर्माण में जनभागीदारी आवश्यक-महापौर

 

उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं व्यवस्थित शहर निर्माण में नगर निगम के साथ-साथ नागरिकों की सहभागिता भी अत्यंत आवश्यक है। यदि सभी लोग जिम्मेदारी के साथ स्वच्छता नियमों का पालन करेंगे तो शहर को जलभराव, गंदगी और बीमारियों से काफी हद तक मुक्त रखा जा सकेगा।

 

निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य सुभाष साहू, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version