Site icon YASHBHARAT.COM

बेटियों के भविष्य को मिलेगी नई उड़ान,1.25 करोड़ की लागत से बनेगा के.सी.एस स्कूल का नवीन भवन, महापौर ने किया भूमिपूजन,शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महापौर का महत्वपूर्ण कदम, शासकीय विद्यालयों की अधोसंरचना सुदृढ़ करने पर विशेष जोर

IMG 20261118 WA0033

बेटियों के भविष्य को मिलेगी नई उड़ान,1.25 करोड़ की लागत से बनेगा के.सी.एस स्कूल का नवीन भवन, महापौर ने किया भूमिपूजन,शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महापौर का महत्वपूर्ण कदम, शासकीय विद्यालयों की अधोसंरचना सुदृढ़ करने पर विशेष जो

 

कटनी । कटनी शहर की बेटियों को आगे बढ़ाने की सोच के साथ महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी की पहल पर मंगलवार को महारानी लक्ष्मी बाई वार्ड स्थित के.सी.एस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में एक अनूठा और प्रेरणादायी दृश्य देखने को मिला, जहाँ करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नए स्कूल भवन का भूमिपूजन विद्यालय की बेटियों द्वारा कराया गया। महापौर श्रीमती सूरी ने छात्राओं को आगे रखकर उनके साथ वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के बीच विकास कार्य की आधारशिला रखी। शहर के शासकीय विद्यालयों के कायाकल्प के लिए महापौर द्वारा किए जा रहे इन निरंतर प्रयासों से अब विद्यालय की छात्राओं को पढ़ाई के लिए और भी अनुकूल एवं सुविधायुक्त परिसर उपलब्ध हो सकेगा।

 

कार्यक्रम के शुभ अवसर पर एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू,सुरेंद्र गुप्ता, उमेंद्र अहिरवार, पार्षद शकुंतला सोनी,रेखा तिवारी ,एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, पूर्व पार्षद विजय (डब्बू) रजक, सहायक यंत्री आदेश जैन,उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी,विद्यालय की प्राचार्य रूप भास्कर, उपप्राचार्य रिजवान खान सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

 

विद्यालय परिसर को मिलेगी नई पहचान, नवीन भवन के साथ विकसित होगा खेल मैदान

 

के.सी.एस. विद्यालय के पुराने एवं जर्जर हिस्से को हटाए जाने के बाद अब विद्यालय परिसर में लगभग सवा करोड़ रुपये की लागत से नवीन भवन का निर्माण कराया जाएगा। प्रस्तावित भवन में 8 कक्षों के साथ आवश्यक शौचालय सुविधा भी विकसित की जाएगी। इसके अतिरिक्त परिसर के शेष हिस्से में विद्यार्थियों के खेलकूद एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों के लिए खेल मैदान तैयार किया जाएगा। नवीन भवन के निर्माण से विद्यालय की शैक्षणिक अधोसंरचना सुदृढ़ होगी तथा विद्यार्थियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं बेहतर वातावरण में अध्ययन और अपनी प्रतिभा को निखारने के अवसर प्राप्त होंगे।

 

जिस विद्यालय से सीखी शिक्षा, आज उसी के विकास में योगदान देना सौभाग्य: महापौर

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर प्रीति सूरी ने अपने विद्यालय से जुड़ी स्मृतियां साझा करते हुए कहा कि उन्होंने भी इसी विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर जीवन में आगे बढ़ने का सफर तय किया है। आज इसी विद्यालय के विकास एवं नवीन भवन निर्माण में सहभागी बनना उनके लिए गर्व और सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि आज हम केवल एक विद्यालय भवन के निर्माण की नींव नहीं रख रहे हैं, बल्कि बेटियों के उज्ज्वल भविष्य, उनके सपनों और आत्मविश्वास की नींव रख रहे हैं।उन्होंने कहा कि उनका संकल्प है कि बेटियों को आधुनिक कक्षाएं, स्वच्छ शौचालय एवं खेलकूद के लिए बेहतर मैदान जैसी सुविधाएं उपलब्ध हों, ताकि वे शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं अन्य गतिविधियों में भी आगे बढ़ सकें। एक महापौर के रूप में यह उनका दायित्व भी है और सौभाग्य भी कि वे बेटियों के बेहतर भविष्य के लिए आवश्यक सुविधाओं के विकास में योगदान दे पा रही हैं। आपने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार, सेवा, दया एवं अनुशासन के मूल्यों को आत्मसात कर जीवन में आगे बढ़ें, अपने सपनों को साकार करें और अपने विद्यालय, परिवार एवं शहर का नाम रोशन करें।

 

विद्यालय को महापौर के कार्यकाल में मिली एक के बाद एक सौगात

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्राचार्य एवं उपप्राचार्य ने महापौर एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महापौर श्रीमती सूरी के कार्यकाल में विद्यालय को एक के बाद एक विकास कार्यों की सौगात मिली है। नवीन विद्यालय भवन का निर्माण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिससे विद्यालय में शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार होगा और बच्चों को बेहतर वातावरण में अध्ययन करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने नगर निगम प्रशासन द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए इस सौगात के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

 

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि महापौर श्रीमती सूरी के प्रयासों एवं शिक्षा के प्रति उनके समर्पण से प्रेरणा लेकर सभी बच्चे पूरी लगन, मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई करें तथा अपने विद्यालय, परिवार एवं शहर का नाम रोशन करें।

Exit mobile version