Site icon YASHBHARAT.COM

सामूहिक विवाह समारोह में निगम अध्यक्ष मनीष पाठक की गरिमामयी उपस्थिति, पार्षद सुमित्रा रावत ने किया वधू मानसी का कन्यादान, अध्यक्ष ने की सराहना

IMG 20261120 WA0048

 

 

सामूहिक विवाह समारोह में निगम अध्यक्ष मनीष पाठक की गरिमामयी उपस्थिति, पार्षद सुमित्रा रावत ने किया वधू मानसी का कन्यादान, अध्यक्ष ने की सराहन

 

नवदंपतियों को सुखमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं देते हुए निगम अध्यक्ष ने कहा—सामूहिक विवाह सामाजिक समरसता, सहयोग और बेटियों के सम्मान का सशक्त माध्यम

 

कटनी 20 नवंबर 2026- मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के अंतर्गत शुक्रवार को कटाएघाट मेला मैदान में आयोजित सामूहिक कन्या विवाह समारोह में नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर बाबू वंशस्वरूप वार्ड की पार्षद श्रीमती सुमित्रा रावत ने एक सराहनीय सामाजिक एवं धार्मिक पहल करते हुए वार्ड निवासी वधू मानसी का कन्यादान किया। उन्होंने वर राज एवं वधू मानसी को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की मंगलकामना की।

 

समारोह को संबोधित करते हुए निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने सभी नवविवाहित वर-वधुओं को नए जीवन की शुरुआत के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो परिवारों के बीच प्रेम, विश्वास और आत्मीयता का पवित्र बंधन है। नवदंपति अपने जीवन में आपसी सम्मान, समर्पण और संस्कारों को सर्वोपरि रखते हुए सुखद एवं समृद्ध परिवार का निर्माण करें। उन्होंने सभी दंपतियों के जीवन में सुख, शांति, खुशहाली और उत्तरोत्तर प्रगति की कामना की।

 

निगम अध्यक्ष श्री पाठक ने पार्षद सुमित्रा रावत द्वारा वधू मानसी का कन्यादान किए जाने की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति में कन्यादान अत्यंत पवित्र एवं पुण्यदायी संस्कार माना गया है। किसी जरूरतमंद परिवार की बेटी के विवाह में इस प्रकार आत्मीयता के साथ सहभागी बनकर कन्यादान की रस्म निभाना केवल एक धार्मिक कार्य नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना, सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है। श्रीमती रावत की यह पहल निश्चित रूप से सराहनीय एवं प्रेरणादायी है।

 

श्री पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना शासन की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है, जो आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेटियों के विवाह की चिंता से राहत देने के साथ समाज में समानता, सहयोग और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देती है। सामूहिक विवाह समारोह केवल विवाह का आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकजुटता, पारिवारिक मूल्यों और बेटियों के सम्मान का उत्सव है।

 

कार्यक्रम में नवदंपतियों के चेहरों पर नई जिंदगी के सपने और परिजनों के मन में खुशियों का भाव दिखाई दिया। इस अवसर ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि जब समाज और जनप्रतिनिधि मिलकर बेटियों की खुशियों में सहभागी बनते हैं, तो सामाजिक रिश्ते और अधिक मजबूत होते हैं।

 

निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने सभी नवदंपतियों के सुखद एवं मंगलमय भविष्य की कामना करते हुए पार्षद  सुमित्रा रावत के इस पुनीत एवं संवेदनशील कार्य की प्रशंसा की।

 

इस गरिमामय एवं मांगलिक अवसर पर  महापौर  एमआईसी सदस्यगण, पार्षदगण, जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ नागरिकगण, वर-वधू के परिजनों एवं परिवारजनों सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति रही। सभी ने नवदंपतियों को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद, समृद्ध और मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना की। समारोह हर्षोल्लास, आत्मीयता और सामाजिक समरसता के भाव के साथ संपन्न हुआ।

Exit mobile version