भितरवार (मध्य प्रदेश) से बड़ी खबर: भितरवार में दुष्कर्म पीड़िता का साहस: आरोपी को बाजार में चप्पलों से पीटा, घसीटते हुए थाने पहुंचाया भितरवार के मुख्य बाजार स्थित करैरा तिराहे के पास गुरुवार दोपहर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया, जहां दुष्कर्म पीड़िता ने आरोपी युवक की बीच बाजार चप्पलों से पिटाई कर दी। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला ने आरोपी को देखते ही पकड़ लिया और उस पर हमला कर दिया। बाजार में अचानक हुए इस घटनाक्रम से अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो भी बना लिया।
राजीनामा के लिए बना रहा था दबाव
जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक की पहचान वार्ड क्रमांक 2 निवासी धर्मवीर बंजारा के रूप में हुई है। पीड़िता ने करीब छह महीने पहले उसके खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद उसे जेल भेजा गया था।बताया जा रहा है कि आरोपी करीब 15 दिन पहले ही जेल से छूटकर आया था और लगातार पीड़िता पर केस वापस लेने (राजीनामा) के लिए दबाव बना रहा था। वह फोन के जरिए महिला को धमकियां भी दे रहा था।
बाजार में हाई वोल्टेज ड्रामा, थाने तक घसीटा
गुरुवार को जब महिला बाजार पहुंची, तो आरोपी भी उसका पीछा करते हुए वहां आ गया। इसे देखते ही महिला ने हिम्मत दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और चप्पलों से पिटाई शुरू कर दी।इतना ही नहीं, विरोध के बावजूद महिला आरोपी को घसीटते हुए सीधे थाने ले गई और पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान महिला जोर-जोर से चिल्लाकर लोगों को घटना की जानकारी देती रही।
पुलिस ने शुरू की जांच
एसडीओपी जितेंद्र नगाइच के अनुसार, महिला ने आरोपी के खिलाफ राजीनामा के लिए दबाव बनाने और धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।यह घटना एक ओर जहां कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, वहीं दूसरी ओर पीड़िता के साहस को भी दिखाती है, जिसने दबाव के आगे झुकने के बजाय सीधे कार्रवाई का रास्ता चुना।

