नागरिकों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने मुस्तैदी से जुटा निगम अमला,कावस जी वार्ड एवं फॉरेस्टर वार्ड में जांच हेतु पहुंची जल प्रदाय की टी
कटनी – ग्रीष्म काल में नागरिकों को पेयजल आपूर्ति संबंधी समस्या का सामना न करना पड़े इसके लिए नगर निगम का जल प्रदाय विभाग ‘अलर्ट मोड’ में कार्य कर रहा है। विगत दिवस कवास जी वार्ड में कम दबाव से पेयजल आपूर्ति संबंधी शिकायत को निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर जल प्रदाय शाखा की टीम द्वारा तत्परता पूर्वक कार्यवाही कर समस्या का निराकरण किया गया तथा स्थानीय नागरिकों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराई गई।
रविवार को पुनः जांच हेतु कावस जी वार्ड पहुंची टीम’
विदित हो कि मोहर्रम पर्व के दौरान एम्बुलेंस रोड में पानी टंकी से जुड़ी मुख्य पाइपलाइन में अचानक लीकेज की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत मिलते ही जल प्रदाय शाखा की टीम ने स्थल पर पहुंचकर लीकेज चिन्हित किया और युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य प्रारंभ किया। कार्य के दौरान संबंधित क्षेत्र की सप्लाई बाधित न हो, इसके लिए निगम द्वारा टैंकरों के माध्यम से प्रभावित घरों में पीने का पानी उपलब्ध कराया गया। कुछ ही घंटे के भीतर लीकेज दुरुस्त कर सप्लाई पुनः सामान्य कर दी गई। जिसकी जांच रविवार प्रातः जल प्रदाय की टीम द्वारा कावस जी वार्ड पहुंचकर किए जाने पर स्थानीय नागरिकों ने शुद्ध एवं पर्याप्त दबाव के साथ जलापूर्ति की जानकारी देते हुए निगम प्रशासन की त्वरित कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया।
फॉरेस्टर वार्ड की समस्या के निराकरण हेतु देर शाम तक जुटी रही टीम
वहीं रविवार को फॉरेस्टर वार्ड के कुछ भवनों में पेयजल आपूर्ति की गुणवत्ता संबंधी शिकायत को निगमायुक्त द्वारा तत्काल संज्ञान में लेते हुए जल प्रदाय की टीम को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। जिसके अनुपालन में जल प्रदाय की टीम द्वारा स्थल पर पहुंचकर पेयजल सप्लाई की सड़क के किनारे एवं नालियों के ऊपर से गुजर रहीं पाइपलाइन एवं लीकेज प्वाइंटों की जांच की गई तथा देर शाम तक इस कार्य हेतु जुटी टीम द्वारा संभावित स्थलों में आवश्यक सुधार कार्य भी किया गया। सोमवार प्रातः पुनः पेयजल सप्लाई के दौरान गुणवत्ता की जांच की जाएगी।मरम्मत कार्य के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की पेयजल संबंधी असुविधा न हो, इसके लिए टैंकर के माध्यम से वैकल्पिक जलापूर्ति भी सुनिश्चित की गई।
जल गुणवत्ता परीक्षण जारी, 19 स्थलों से लिए गए नमूने
जल प्रदाय शाखा के अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम द्वारा नागरिकों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल आपूर्ति के मद्देनार रोजाना नगर के विभिन्न वार्डों से पेयजल के नमूने लिए जाकर उसकी गुणवत्ता का परीक्षण कराया जा रहा है। इसी श्रृंखला में रविवार को भी नगर के विभिन्न 19 स्थलों से पेयजल के नमूने एकत्रित किए जाकर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए।
अलर्ट मोड पर रहे जल प्रदाय अमला -निगमायुक्त
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने जल प्रदाय शाखा के अधिकारियों एवं फील्ड स्तर की टीम को अलर्ट मोड पर रहकर कार्य करने और किसी भी प्रकार की पेयजल आपूर्ति संबंधी समस्या का सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए है।
निगम प्रशासन की अपील
नगर निगम प्रशासन ने कहा कि शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण जलापूर्ति के लिए निगम अलर्ट है, लेकिन नागरिकों का सहयोग भी आवश्यक है। यदि किसी क्षेत्र में पाइपलाइन से पानी रिसता दिखे, टंकी ओवरफ्लो हो, या सप्लाई में गंदगी, कम दबाव की शिकायत हो तो तुरंत नगर निगम कार्यालय, जोन ऑफिस अथवा नगर निगम के कंट्रोल रूम नंबर 14420 पर सूचना दें। ताकि निगम की टीम त्वरित मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान कर सके।
